Hot News

AI समिट में विरोध के बाद बड़ी कार्रवाई, यूथ कांग्रेस के 4 कार्यकर्ता गिरफ्तार, CCTV से पहचान जारी

India AI Impact Summit 2026: दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को एआई इंपैक्ट समिट स्थल पर हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में यूथ कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है और पूरे घटनाक्रम में किसी बड़ी साजिश की संभावना की जांच कर रही है. इससे पहले दिन में पुलिस ने प्रदर्शनी हॉल के अंदर शर्ट उतारकर विरोध करने के आरोप में आईवाईसी के करीब 15 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था. ये कार्यकर्ता अमेरिका के साथ संभावित ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचे थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की थी. युवा कांग्रेस से जुड़े प्रदर्शनकारी प्रदर्शनी हॉल नंबर-5 के अंदर मार्च करते हुए पहुंचे. वे सफेद टी-शर्ट पहने हुए थे या हाथ में लिए हुए थे, जिन पर प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें छपी थीं. इन टी-शर्ट पर इंडिया-यूएस ट्रेड डील, एपस्टीन फाइल्स और पीएम इज़ कम्प्रोमाइज्ड जैसे नारे लिखे थे. कुछ प्रदर्शनकारियों ने विरोध के दौरान अपनी टी-शर्ट भी उतार दी.

किन नेताओं को किया गया गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिहार से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, बिहार के राज्य सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव के रूप में हुई है. चारों आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा. इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है और कई गंभीर धाराएं लगाने की प्रक्रिया चल रही है. अधिकारियों ने यह भी बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की. जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या इस विरोध प्रदर्शन के पीछे कोई बड़ी साजिश थी.

वीडियो क्लिप के आधार पर पुलिस कर रही पहचान

हिंदुस्तान मंडपम में युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन में शामिल होकर मौके से फरार हुए कार्यकर्ताओं की तलाश के लिए दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में छापेमारी की जा रही है. सूत्रों ने बताया कि अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं. पुलिस 15 से अधिक वीडियो क्लिप के आधार पर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान कर रही है. पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ अन्य संदिग्धों के नाम भी मिले हैं, जिनकी तलाश की जा रही है. सूत्रों के अनुसार, कई प्रदर्शनकारियों के मोबाइल फोन फिलहाल बंद हैं, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करने में मुश्किल आ रही है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए अभियान जारी है.

ऑनलाइन पंजीकरण कर हासिल किया था क्यूआर कोड

इससे पहले एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया था कि करीब 15 लोगों को हिरासत में लेकर तिलक मार्ग थाने ले जाया गया. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने सम्मेलन स्थल में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कर क्यूआर कोड हासिल किया था. इसके बाद वे प्रदर्शनी हॉल नंबर-5 के अंदर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों की वहां मौजूद लोगों से तीखी बहस भी हुई, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हॉल से बाहर निकाल दिया. (इनपुट भाषा)

The post AI समिट में विरोध के बाद बड़ी कार्रवाई, यूथ कांग्रेस के 4 कार्यकर्ता गिरफ्तार, CCTV से पहचान जारी appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top