कायाकल्प अभियान के तहत संचालित योजनाओं की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने का दिया निर्देश नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर ।जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में कायाकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, समेकित बाल विकास सेवाएं (ICDS), शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कायाकल्प अभियान के तहत स्वीकृत एवं संचालित योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से योजनाओं की अद्यतन प्रगति, कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं उनके क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कायाकल्प अभियान के तहत लिए गए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यों के क्रियान्वयन में तेजी लाने, नियमित अनुश्रवण करने तथा आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में विशेष रूप से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों सहित विभिन्न संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया गया। इसके तहत भवनों की मरम्मत एवं रंग-रोगन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि कायाकल्प अभियान का उद्देश्य विभिन्न सरकारी संस्थानों को बेहतर, स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधायुक्त बनाना है, ताकि आमजन, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं बच्चों को गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का लाभ मिल सके। इस दिशा में सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें। बैठक में उप विकास आयुक्त समस्तीपुर श्री सूर्य प्रताप सिंह, सिविल सर्जन समस्तीपुर डॉ. राजीव कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री विष्णु देव मंडल, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (ICDS) श्रीमती सुनीता सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।






