Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

प्रस्तावित अलाइनमेंट में बदलाव की मांग को लेकर प्रदर्शन

सरायरंजन बाजार में मार्च निकालकर जताया विरोध, प्रतीकात्मक पुतला दहन कर प्रभावित परिसंपत्तियों को बचाने की मांग नया विचार न्यूज़ सरायरंजन । पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित अलाइनमेंट में बदलाव की मांग को लेकर पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे जन संघर्ष समिति, सरायरंजन के तत्वावधान में बुधवार को सरायरंजन बाजार में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं प्रभावित परिवारों ने मार्च निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। प्रदर्शन के बाद बाजार में प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गंगा पैलेस से मार्च निकालकर की गई। मार्च सरायरंजन बाजार के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरा। इस दौरान लोगों ने प्रस्तावित अलाइनमेंट में आवश्यक बदलाव करने तथा इसके दायरे में आने वाले आवासीय भवनों, दुकानों और सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बचाने की मांग की। मार्च के दौरान लोगों ने अपनी मांगों से संबंधित नारे भी लगाए। मार्च के बाद सरायरंजन बाजार में सभा का आयोजन किया गया। सभा में वक्ताओं ने प्रस्तावित अलाइनमेंट से प्रभावित होने वाले परिवारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं शैक्षणिक परिसंपत्तियों से संबंधित समस्याओं को रखा। वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय लोग विकास परियोजना के विरोध में नहीं हैं। उनकी मांग है कि एक्सप्रेसवे का निर्माण हो, लेकिन अलाइनमेंट इस प्रकार निर्धारित किया जाए, जिससे कम से कम लोगों को विस्थापन का सामना करना पड़े और महत्वपूर्ण आवासीय एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों को सुरक्षित रखा जा सके। वक्ताओं ने विशेष रूप से केदार संत रामाश्रय महाविद्यालय की शैक्षणिक संरचनाओं और स्पोर्ट्स मैदान को बचाने की मांग रखी। कहा गया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए इस महाविद्यालय पर निर्भर हैं। महाविद्यालय को क्षेत्र की महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्था बताते हुए इसके भवन एवं स्पोर्ट्स मैदान को प्रभावित होने से बचाने के लिए वैकल्पिक अलाइनमेंट पर विचार करने की मांग की गई। सभा में कहा गया कि प्रशासन एवं एनएचएआई को प्रभावित लोगों की आपत्तियों और सुझावों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि तकनीकी एवं जनहित के पहलुओं को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक अथवा संशोधित अलाइनमेंट की संभावनाओं पर भी विचार किया जाना चाहिए, ताकि विकास परियोजना के साथ स्थानीय लोगों के हितों का भी संरक्षण हो सके। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन की शुरुआत शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से की गई है। प्रभावित लोगों की मांगों पर शीघ्र विचार नहीं होने की स्थिति में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही गई। समिति ने कहा कि आगे की रणनीति स्थानीय नागरिकों और प्रभावित परिवारों से विचार-विमर्श के बाद तय की जाएगी। मौके पर संघर्ष समिति के संयोजक उमेश झा सहित सुरेश महतो, दिनेश झा, किशोरी प्रसाद, जवाहर झा, सुखदेव सहनी, लालबाबू यादव, अमर झा, दयानंद झा, दीपक झा, रामाज्ञा झा, कुंदन कुमार झा, शिवकुमार झा आदि ने विचार रखे। कार्यक्रम में किरण देवी, आशा देवी, सरस्वती देवी, अंजू देवी, प्रतिभा देवी, रिंकू देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

समस्तीपुर

डीएवी के 45 खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित

जोनल स्तर पर खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक, 41 विद्यार्थी दिल्ली और चार पटियाला में दिखाएंगे प्रतिभा नया विचार न्यूज़ सरायरंजन- मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर ऐलौथ स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने डीएवी राष्ट्रीय स्पोर्ट्स प्रतियोगिता-2026 के जोनल स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। विभिन्न स्पोर्ट्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के 41 विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। ये खिलाड़ी दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। वहीं, चार विद्यार्थी सीबीएसई राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए पटियाला जाएंगे। इस तरह विद्यालय के कुल 45 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। शूटिंग स्पर्धा में विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रीत बरनवाल, आसना परवीन, परी राज, पीयूष राजा और अंश कुमार सिंह ने स्वर्ण पदक हासिल किया। 14 और 17 वर्ष बालिका वर्ग की समूह स्पर्धा में विद्यालय की टीम ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। एथलेटिक्स में विद्यालय की टीम ने क्लस्टर-3 में उपविजेता का स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में निशांत कुमार, आर्यन कुमार, सीमंत कुमार, सृष्टि और खुशी रानी ने स्वर्ण पदक जीते। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से विद्यालय में खुशी का माहौल है। स्केटिंग स्पर्धा में भी डीएवी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। सान्वी, चाहत, सोनाक्षी, तनु, रूट कुमार और आयुष शौर्य बसंत ने स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, बास्केटबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम उपविजेता रही। सीबीएसई क्लस्टर-3 एथलेटिक्स मीट में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए। खुशी रानी ने 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, सीमंत कुमार ने 800 मीटर में स्वर्ण तथा 400 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। इन उपलब्धियों के आधार पर खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए किया गया है। विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। सहायक क्षेत्रीय अधिकारी नीरज कुमार सिंह, प्राचार्या उमा मिश्रा और कन्हैया कुमार झा ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने स्पोर्ट्स के क्षेत्र में मेहनत और अनुशासन के बल पर विद्यालय को गौरवान्वित किया है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

ताजा ख़बर, पटना, बिहार, समस्तीपुर

समस्तीपुर मंडल के लहेरियासराय स्टेशन पर जोगबनी–दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस और जयनगर–पटना नमो भारत रैपिड रेल के ठहराव को मिली मंजूरी

यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर रेलवे बोर्ड ने 02 अक्टूबर से नमो हिंदुस्तान रैपिड रेल और 05 अक्टूबर से इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव का लिया निर्णय नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर: यात्रियों की सुविधा एवं स्थानीय मांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे बोर्ड ने पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल अंतर्गत लहेरियासराय स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण जोड़ी ट्रेनों के प्रायोगिक/नियमित ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके तहत गाड़ी संख्या 13211/13212 जोगबनी– दानापुर–जोगबनी इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा गाड़ी संख्या 94803/94804 जयनगर–पटना–जयनगर नमो हिंदुस्तान रैपिड रेल अब लहेरियासराय स्टेशन पर 2 मिनट के लिए रुकेगी। ट्रेनों के ठहराव का विस्तृत समय-सारणी एवं विवरण: * (1) गाड़ी संख्या 13211 जोगबनी–दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस * ठहराव स्टेशन: लहेरियासराय * आगमन: 10:01 बजे प्रस्थान: 10:03 बजे * प्रभावी तिथि (यात्रा प्रारंभ होने की तिथि): 05.10.2026 * गाड़ी संख्या 13212 दानापुर – जोगबनी इंटरसिटी एक्सप्रेस * ठहराव स्टेशन: लहेरियासराय * आगमन: 10:43 बजे प्रस्थान: 10:45 बजे * प्रभावी तिथि (यात्रा प्रारंभ होने की तिथि): 05.10.2026 * (2) गाड़ी संख्या 94803 जयनगर – पटना नमो हिंदुस्तान रैपिड रेल * ठहराव स्टेशन: लहेरियासराय * आगमन: 06:28 बजे प्रस्थान: 06:30 बजे * प्रभावी तिथि (यात्रा प्रारंभ होने की तिथि): 02.10.2026 * गाड़ी संख्या 94804 पटना – जयनगर नमो हिंदुस्तान रैपिड रेल * ठहराव स्टेशन: लहेरियासराय * आगमन: 21:38 बजे प्रस्थान: 21:40 बजे * प्रभावी तिथि (यात्रा प्रारंभ होने की तिथि): 02.10.2026 लहेरियासराय स्टेशन पर इन ट्रेनों के ठहराव से स्थानीय यात्रियों, दैनिक यात्रियों, व्यवसायियों तथा छात्र-छात्राओं को पटना, दानापुर, जोगबनी और जयनगर की आवाजाही में काफी सहूलियत मिलेगी।

समस्तीपुर

शिक्षक की सेवानिवृत्ति पर दी गई भावपूर्ण विदाई

नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड अंतर्गत चिह्नित मध्य विद्यालय गंगापुर में बुधवार को शिक्षक विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले प्रधानाध्यापक अखिलेश ठाकुर को भावपूर्ण विदाई दी गई। इस दौरान शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। समारोह को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि बीईओ ने निर्मला कुमारी कहा कि शिक्षक अखिलेश ठाकुर ने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यालय एवं विद्यार्थियों के हित में कार्य किया। उनका कार्यकाल अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी रहेगा। जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनंत कुमार राय ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते, बल्कि उसके विचार और संस्कार समाज में सदैव जीवित रहते हैं। विशिष्ट अतिथि मुकेश कुमार ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अखिलेश ठाकुर ने कहा कि विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों से मिला स्नेह जीवनभर अविस्मरणीय रहेगा। समारोह के दौरान कई शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं भावुक नजर आए। समारोह की अध्यक्षता जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अंचल अध्यक्ष नवीन कुमार ठाकुर ने की।संचालन अनंत कुमार राय ने किया ।समारोह को जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रधान महासचिव अनिल कुमार, बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष रामचंद्र राय,मुखिया विजय कुमार राय,वीरेंद्र झा, सौरभ कुमार सिन्हा,अरुण कुमार चौधरी, राम अनुराग झा, कुमारी विभा,कुमार गौरव, ब्रजदेवली प्रसाद वर्मा, बलवंत सिंह, फिरदौस आलम,राजीव रंजन गोपाल आदि ने संबोधित किया। मौके पर शिक्षक राज कुमार,शुभम कुमारी, रिंकू कुमारी, आरती कुमारी, सृष्टि सिंह सहित सैकड़ो शिक्षक –शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

समस्तीपुर

विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का बीडीओ व डीपीओ ने किया निरीक्षण

स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी, आईसीटी लैब समेत विभिन्न गतिविधियों का लिया जायजा; अभिभावकों से भी की बातचीत नया विचार न्यूज़ सरायरंजन । प्रखंड क्षेत्र के बथुआ बुजुर्ग स्थित सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय का बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक) सुजीत कुमार रावत ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान स्मार्ट क्लास, फिलाॅप के माध्यम से संचालित 24×7 ऑनलाइन कक्षाएं, लाइब्रेरी, आईसीटी प्रयोगशाला, संगीत, सहेली कक्षा और स्पोर्ट्सकूद समेत अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को देखा। विभिन्न गतिविधियों के संचालन की जानकारी लेने के बाद उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही विद्यालय में नवाचार को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए शिक्षण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी दिन जिलेभर में आयोजित शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी के तहत विद्यालय में भी बैठक हुई। इसमें बीडीओ एवं डीपीओ ने अभिभावकों से सीधे संवाद किया। अधिकारियों ने विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन, बच्चों के अध्ययन के माहौल और विद्यालय की व्यवस्था को लेकर अभिभावकों की राय जानी। अभिभावकों ने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं और बच्चों के लिए बनाए गए सकारात्मक वातावरण पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान बीडीओ एवं विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों से भी संवाद किया। अधिकारियों ने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और अपने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अनुशासन, समय प्रबंधन और निरंतर प्रयास को सफलता का आधार बताया। विद्यालय के शिक्षकों ने अधिकारियों को विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शिक्षक विश्वनाथ राम, संतोष कुमार, सुमन, संजीव कुमार, चांपेका, सुष्मिता, संजना, अशोक कुमार, समीर, रश्मि शांडिल, अमित कुमार, गिरधर कुमार सहित सभी शिक्षक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मी मौजूद थे। बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

पटना, बिहार, मुख्य खबर, समस्तीपुर

पूजा के अवसर पर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – आगामी पर्व त्यौहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर उनकी सुविधा हेतु समस्तीपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों से नई दिल्ली/आनंद विहार/शकूरबस्ती तथा योगनगरी ऋषिकेश के मध्य फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा जिनका विवरण निम्नानुसार है :- 1. गाड़ी सं. 04008/04007 आनंद विहार-जोगबनी-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल (पूर्णिया-कटिहार-मानसी- खगड़िया- बरौनी- शाहपुर पटोरी- हाजीपुर-गोरखपुर के रास्ते ) – गाड़ी सं. 04008 आनंद विहार-जोगबनी फेस्टिवल स्पेशल 10.10.2026 से 07.11.2026 तक सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को आनंद विहार से 08.30 बजे खुलकर अगले दिन 03.00 बजे हाजीपुर, 03.45 बजे शाहपुर पटोरी, 04.45 बजे बरौनी, 05.18 बजे बेगुसराय, 05.53 बजे खगड़िया, 06.05 बजे मानसी, 07.10 बजे नवगछिया, 10.50 बजे कटिहार, 12.18 बजे पूर्णिया, 13.13 बजे अररिया कोर्ट, 13.48 बजे फारबिसगंज रुकते हुए 15.00 बजे जोगबनी पहुंचेगी । वापसी में गाड़ी सं. 04007 जोगबनी-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल 11.10.2026 से8 08.11.2026 तक सप्ताह के प्रत्येक रविवार को जोगबनी से 18.30 बजे खुलकर 19.03 बजे फारबिसगंज, 19.43 बजे अररिया कोर्ट, 20.48 बजे पूर्णिया, 21.30 बजे कटिहार, 22.45 बजे नवगछिया, सोमवार को 00.13 बजे मानसी, 00.25 बजे खगड़िया, 01.00 बजे बेगुसराय, 02.30 बजे बरौनी, 03.30 बजे शाहपुर पटोरी, 04.55 बजे हाजीपुर रूकते हुए मंगलवार को 03.00 बजे आनंद विहार पहुंचेगी । 2. गाड़ी सं. 04010/04009 दिल्ली-सीतामढ़ी-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल (रक्सौल-नरकटियागंज- बगहा-गोरखपुर के रास्ते) – गाड़ी सं. 04010 दिल्ली-सीतामढ़ी फेस्टिवल स्पेशल 15.10.2026 से 19.11.2026 तक सप्ताह के प्रत्येक गुरूवार को दिल्ली से 23.05 बजे खुलकर अगले दिन 17.44 बजे बगहा, 18.35 बजे नरकटियागंज, 19.02 बजे सिकटा, 19.40 बजे रक्सौल, 21.58 बजे बैरगनिया रुकते हुए 23.30 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी । वापसी में गाड़ी सं. 04009 सीतामढ़ी-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल 17.10.2026 से 21.11.2026 तक सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को सीतामढ़ी से 00.45 बजे खुलकर 01.20 बजे बैरगनिया, 02.30 बजे रक्सौल, 05.55 बजे सिकटा, 03.40 बजे नरकटियागंज एवं 04.25 बजे बगहा सहित अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए उसी दिन 20.30 बजे दिल्ली पहुंचेगी । 3. गाड़ी सं. 04028/04027 आनंद विहार-मुजफ्फरपुर-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल ( हाजीपुर- गोरखपुर- सीतापुर-बरेली-मुरादाबाद के रास्ते ) – गाड़ी सं. 04028 आनंद विहार-मुजफ्फरपुर फेस्टिवल स्पेशल 13.10.2026 से 24.11.2026 तक सप्ताह के प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को आनंद विहार से 09.15 बजे खुलकर अगले दिन 02.31 बजे सोनपुर, 02.43 बजे हाजीपुर रुकते हुए 04.30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी । वापसी में गाड़ी सं. 04027 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार फेस्टिवलo स्पेशल 14.10.2026 से 25.11.2026 तक सप्ताह के प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को मुजफ्फरपुर से 06.15 बजे खुलकर 07.15 बजे हाजीपुर एवं 07.30 बजे सोनपुर सहित अन्य स्टेशनों पर रूकते हुए अगले दिन 05.30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी । 4. गाड़ी सं. 04314/04313 योगनगरी ऋषिकेश- मुजफ्फरपुर-योगनगरी ऋषिकेश फेस्टिवल स्पेशल (हाजीपुर-गोरखपुर- सीतापुर- बरेली-मुरादाबाद-हरिद्वार के रास्ते ) – गाड़ी सं. 04314 योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर फेस्टिवल स्पेशल 04.10.2026 से 29.11.2026 तक सप्ताह के प्रत्येक रविवार को योगनगरी ऋषिकेश से 15.20 बजे खुलकर अगले दिन 09.33 बजे सोनपुर, 09.45 बजे हाजीपुर रुकते हुए 11.45 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी । वापसी में गाड़ी सं. 043139 मुजफ्फरपुर-योगनगरी ऋषिकेश फेस्टिवल स्पेशल 05.10.2026 से 30.11.2026 तक सप्ताह के प्रत्येक सोमवार को मुजफ्फरपुर से 13.15 बजे खुलकर 14.35 बजे हाजीपुर एवं 14.50 बजे सोनपुर सहित अन्य स्टेशनों पर रूकते हुए अगले दिन 11.15 बजे योगनगरी ऋषिकेश पहुंचेगी । 5. गाड़ी संख्या 04072/04071 नई दिल्ली-सुपौल-नई दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल (सहरसा-बरौनी-शाहपुर पटोरी- हाजीपुर-बलिया- गाजीपुर- वाराणसी- प्रयागराज के रास्ते ): गाड़ी संख्या 04072 नई दिल्ली-सुपौल फेस्टिवल स्पेशल 01.10.2026 से 28.11.2026 तक प्रतिदिन को नई दिल्ली से 21.35 बजे खुलकर विभिन्न स्टेशनों पर रूकते हुए दूसरे दिन 21.05 बजे हाजीपुर, 22.10 बजे शाहपुर पटोरी, तीसरे दिन 00.35 बजे बरौनी, 01.03 बजे बेगुसराय, 02.18 बजे खगड़िया, 02.40 बजे मानसी, 03.10 बजे सिमरी बख्तियारपुर, 03.45 बजे सहरसा रूकते हुए 06.35 बजे सुपौल पहुंचेगी । वापसी में, गाड़ी संख्या 04071 सुपौल-नई दिल्ली स्पेशल 03.10.2026 से 30.11.2026 तक प्रतिदिन सुपौल से 07.45 बजे खुलकर 09.35 बजे सहरसा, 10.08 बजे सिमरी बख्तियारपुर, 10.53 बजे मानसी,11.05 बजे खगड़िया, 11.38 बजे बेगुसराय, 12.20 बजे बरौनी, 13.30 बजे शाहपुर पटोरी, 14.50 बजे हाजीपुर सहित अन्य स्टेशनों पर रूकते हुए अगले दिन 15.00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी । 6. गाड़ी सं. 04098/04097 शकूरबस्ती-दरभंगा- शकूरबस्ती फेस्टिवल स्पेशल (सीतामढ़ी-रक्सौल- नरकटियागंज-बगहा- गोरखपुर- ऐशबाग- गाजियाबाद-नई दिल्ली के रास्ते) – गाड़ी सं. 04098 शकूरबस्ती-दरभंगा फेस्टिवल स्पेशल 01.10.2026 से 29.11.2026 तक मंगलवार को छोड़कर सप्ताह के छः दिन शकूरबस्ती से 09.20 बजे खुलकर 10.10 बजे नई दिल्ली सहित अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन 05.30 बजे बगहा, 06.20 बजे नरकटियागंज, 06.48 बजे सिकटा, 07.45 बजे रक्सौल, 08.18 घोड़ासाहन, 08.40 बजे बैरगनिया, 09.10 बजे सीतामढ़ी, 09.40 बजे जनकपुर रोड, 10.08 बजे कमतौल रुकते हुए 11.45 बजे दरभंगा पहुंचेगी । वापसी में गाड़ी सं. 04097 दरभंगा-शकूरबस्ती फेस्टिवल स्पेशल 02.10.2026 से 30.11.2026 तक बुधवार को छोड़कर सप्ताह के छः दिन दरभंगा से 14.00 बजे खुलकर 14.22 बजे कमतौल, 14.50 बजे जनकपुर रोड, 15.40 बजे सीतामढ़ी, 16.20 बजे बैरगनिया, 16.50 बजे घोड़ासाहन, 17.25 बजे रक्सौल, 17.48 बजे सिकटा, 18.10 बजे नरकटियागंज एवं 18.45 बजे बगहा सहित अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन 15.46 बजे गाजियाबाद, 16.40 बजे नई दिल्ली एवं 18.00 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी । 7. गाड़ी सं. 04076/040759 दिल्ली-कामाख्या-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल (प्रयागराज-डीडीयू- पाटलिपुत्र-हाजीपुर-बरौनी-कटिहार के रास्ते) – गाड़ी सं. 04076 दिल्ली-कामाख्या फेस्टिवल स्पेशल 03.10.2026 से9 28.11.2026 तक सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को दिल्ली से 00.30 बजे खुलकर 16.15 बजे डीडीयू, 20.40 बजे पाटलिपुत्र, 22.30 बजे हाजीपुर अगले दिन 00.35 बजे बरौनी एवं 06.10 बजे कटिहार रुकते हुए 21.15 बजे कामाख्या पहुंचेगी । वापसी में, गाड़ी सं. 04075 कामाख्या-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल 05.10.2026 से 30.11.2026 तक सप्ताह के प्रत्येक सोमवार कोओ कामाख्या9 से 05.00 बजे खुलकर 18.40 बजे कटिहार, 22.05 बजे बरौनी, अगले दिन 00.15 बजे हाजीपुर, 01.25 बजे पाटलिपुत्र, 05.10 बजे डीडीयू सहित अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए 20.40 बजे दिल्ली पहुंचेगी ।9 इसके साथ ही झंझारपुर- सकरी- सीतामढ़ी- रक्सौल- नरकटियागंज- बगहा- गोरखपुर के रास्ते गाड़ी सं. 04014/04013 आनंद विहार-लौकहा बाजार- आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल का प्रतिदिन परिचालन किया जा रहा है। गाड़ी सं. 04014 आनंद विहार-लौकहा बाजार फेस्टिवल स्पेशल 29.11.2026 तक प्रतिदिन आनंद बिहार से 15.40 बजे खुलकर विभिन्न स्टेशन पर रुकते हुए अगले दिन 20.15 बजे लौकहा बाजार पहुंचती है । वापसी में गाड़ी सं. 04013 लौकहा बाजार-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल 30.11.2026 तक प्रतिदिन लौकहा बाजार से 21.30 बजे खुलकर विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए तीसरे दिन 03.15 बजे आनंद विहार

समस्तीपुर

पटोरी में तालाब किनारे चला स्वच्छता अभियान, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत सोमवार को जिला गंगा समिति, जिला प्रशासन समस्तीपुर एवं नगर परिषद शाहपुर पटोरी के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अनुमंडल कार्यालय क्षेत्र में डीएसपी आवास के निकट वार्ड संख्या-11 स्थित तालाब के किनारे श्रमदान कर साफ-सफाई की गई। इसके बाद तालाब परिसर में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में डीपीओ नमामि गंगे नीरजेश कुमार, नगर परिषद शाहपुर पटोरी के कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी सुशांत मिश्रा, वार्ड संख्या-11 के वार्ड पार्षद, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सहित स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सभी ने तालाब के चारों ओर सफाई कर कचरे को हटाया। सफाई के बाद परिसर में पौधे लगाए गए और लोगों को जलस्रोतों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। डीपीओ नमामि गंगे नीरजेश कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने आमलोगों से अपने आसपास के क्षेत्र के साथ-साथ नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलस्रोतों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आमलोगों की भागीदारी भी जरूरी है। चंदन चौक पर बांटे कपड़े के थैले प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत चंदन चौक पर लोगों के बीच कपड़े के थैले का वितरण भी किया गया। लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने और खरीदारी के दौरान कपड़े के थैले का उपयोग करने की अपील की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक करना तथा स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी बढ़ाना था। अधिकारियों ने कहा कि नियमित साफ-सफाई और जागरूकता के माध्यम से जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सकता है।

खेल, समस्तीपुर

फर्राटा दौड़ में अमन-मानसी ने मारी बाजी, बैडमिंटन में रवि राज-श्रेया चैंपियन

कबड्डी के बालक-बालिका दोनों वर्गों में संत स्टीफन दलसिंहसराय ने जीता खिताब नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर। पटेल मैदान पर मंगलवार की सुबह खिलाड़ियों के फर्राटा भरते ही पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। स्पोर्ट्स विभाग, बिहार राज्य स्पोर्ट्स प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय स्पोर्ट्सकूद प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन अंडर-14 बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स समेत विभिन्न स्पोर्ट्सों में दमखम दिखाया। प्रतियोगिताएं पटेल मैदान, स्पोर्ट्स भवन और पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल परिसर में आयोजित की जा रही हैं। पटेल मैदान में 100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में तीसवारा के अमन कुमार ने प्रथम, डीएवी के प्रिंस कुमार ने द्वितीय और मनाराटोल के दुर्गेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में पोद्दार इंटरनेशनल की मानसी सिन्हा प्रथम, बेलारी की आरोही द्वितीय और डीएवी की ज्योति कुमारी तृतीय रहीं। 200 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में प्रिंस कुमार ने पहला, आदित्य कुमार ने दूसरा और पूसा के गौरव कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में डीएवी की संध्या कुमारी प्रथम, गोहा की आस्था हिंदुस्तानी द्वितीय और पूसा की लवली कुमारी तृतीय रहीं। 600 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में यूएस मोदी की प्रीति कुमारी, शादीपुर की ब्यूटी कुमारी और डीएवी की ज्योति कुमारी ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में सरायरंजन के शुभम कुमार प्रथम, पटोरी के प्रशांत कुमार द्वितीय और अनमोल कुमार तृतीय रहे। गोला फेंक के अंडर-14 बालिका वर्ग में डीएवी की सृष्टि राज ने स्वर्ण, बिरला ओपन की पलक कुमारी ने रजत और नरहन की सोनाक्षी कुमारी ने कांस्य पदक जीता। बालक वर्ग में साकीब अली, शिवाय भट्ट और विकास कुमार क्रमशः पहले तीन स्थान पर रहे। अंडर-17 गोला फेंक में उच्च विद्यालय कर्पूरीग्राम के मो. अल्तमश ने स्वर्ण पदक जीता। भाला फेंक के बालक वर्ग में हिमांशु कुमार, प्रियांशु राज और रौनक कुमार तथा बालिका वर्ग में प्रीति कुमारी, ब्यूटी कुमारी और ज्योति कुमारी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। बैडमिंटन में रवि राज और श्रेया विजेता इंडोर स्टेडियम में हुए बैडमिंटन मुकाबलों में अंडर-14 बालक वर्ग में डीएवी के रवि राज और बालिका वर्ग में पटोरी की श्रेया विजेता बनीं। अंडर-17 में ईशांत राज और लकी प्रिया ने खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में पोद्दार के आदर्श कुमार विजेता रहे। कबड्डी में संत स्टीफन का दबदबा स्पोर्ट्स भवन में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक और बालिका दोनों वर्गों में संत स्टीफन दलसिंहसराय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। जिला स्पोर्ट्स पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि तीनों स्थलों पर आयोजित विभिन्न स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं में जिले के विद्यालयों से पहुंचे सैकड़ों खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। बुधवार को अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। चयनित खिलाड़ियों का बायोमेट्रिक सत्यापन कराने के बाद जिला स्तरीय टीम घोषित की जाएगी। यह टीम प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में समस्तीपुर का प्रतिनिधित्व करेगी।

समस्तीपुर

वायरल वीडियो मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, चार की पहचान

लाटबसेपुरा से मोरवा डीह तक पुलिस की कार्रवाई, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी नया विचार न्यूज़ सरायरंजन ।मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से जुड़े वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने सोमवार को तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लाटवसेपुरा गांव निवासी शंकर सहनी के पुत्र रविंद्र सहनी के रूप में हुई है। रविंद्र सहनी पूर्व वार्ड सदस्य रह चुका है। मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें लाटवसेपुरा निवासी धर्मेंद्र सहनी और मोरवा डीह निवासी रौशन कुमार मिश्रा उर्फ भगत मिश्रा शामिल हैं। पुलिस ने अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि जांच के दौरान चार लोगों की पहचान किए जाने की बात सामने आई है। चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर को सोशल मीडिया निगरानी के दौरान पुलिस के संज्ञान में नाबालिग से संबंधित एक वीडियो आया था। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे घटनास्थल की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटवसेपुरा से मोरवा जाने वाली सड़क के रूप में की। वीडियो में नाबालिग लड़की के होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारी के बयान पर हिंदुस्तानीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुसरीघरारी थाना कांड संख्या 159/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों के साथ-साथ वीडियो के प्रसार और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की तकनीकी तरीके से जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, अनुसंधान में घटना करीब 14 अगस्त 2025 की होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सूचना मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर धर्मेंद्र सहनी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद शुक्रवार की रात मोरवा डीह निवासी रौशन कुमार मिश्रा उर्फ भगत मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। अब सोमवार को तीसरे आरोपी रविंद्र सहनी की गिरफ्तारी हुई है। वीडियो के स्रोत और प्रसार की भी जांच पुलिस वीडियो के मूल स्रोत, उसे रिकॉर्ड किए जाने तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वीडियो किन-किन लोगों तक पहुंचा और इसे सोशल मीडिया पर किस माध्यम से प्रसारित किया गया। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। नाबालिग की पहचान उजागर नहीं करने की अपील पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नाबालिग से संबंधित किसी भी फोटो, वीडियो या पोस्ट को सोशल मीडिया पर साझा न करें। ऐसे संवेदनशील मामलों में वीडियो को आगे प्रसारित करने से न केवल जांच प्रभावित हो सकती है, बल्कि नाबालिग की पहचान उजागर होने का खतरा भी रहता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना सत्यापन के किसी भी संवेदनशील वीडियो या पोस्ट को शेयर करने से बचें।

बिहार, समस्तीपुर

झारसुगुड़ा यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के कारण समस्तीपुर मंडल से जुड़ी कई प्रमुख ट्रेनें रहेंगी रद्द

28 नवंबर से 17 दिसंबर 2026 तक चक्रधरपुर मंडल में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते दरभंगा और रक्सौल रूट की रेल सेवाएं प्रभावित नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में रीमॉडलिंग कार्य हेतु 18 दिवसीय नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य (27.11.2026 से 14.12.2026), 10 घंटे का विशेष ब्लॉक (15.12.2026) तथा 02 दिवसीय पोस्ट-एनआई कार्य (16.12.2026 से 17.12.2026) सुनिश्चित किया गया है। इस आधारभूत संरचना विकास कार्य के कारण इस दौरान समस्तीपुर रेल मंडल से परिचालित तथा गुजरने वाली विभिन्न लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा। निरस्त की गई प्रमुख ट्रेनों का विवरण (यात्रा प्रारंभ करने की तिथि अनुसार): ट्रेन संख्या 17007 चर्लापल्ली – दरभंगा एक्सप्रेस: प्रारंभिक स्टेशन चर्लापल्ली से प्रस्थान की तिथियां: 28.11.2026, 05.12.2026, 08.12.2026 एवं 12.12.2026 को रद्द रहेगी। ट्रेन संख्या 17008 दरभंगा – चर्लापल्ली एक्सप्रेस: प्रारंभिक स्टेशन दरभंगा जंक्शन से प्रस्थान की तिथियां: 01.12.2026, 08.12.2026, 11.12.2026 एवं 15.12.2026 को रद्द रहेगी। ट्रेन संख्या 17433 तिरुपति – रक्सौल एक्सप्रेस: प्रारंभिक स्टेशन तिरुपति से प्रस्थान की तिथियां: 07.12.2026 एवं 14.12.2026 को रद्द रहेगी। ट्रेन संख्या 17434 रक्सौल – तिरुपति एक्सप्रेस: प्रारंभिक स्टेशन रक्सौल जंक्शन से प्रस्थान की तिथियां: 10.12.2026 एवं 17.12.2026 को रद्द रहेगी। ट्रेन संख्या 17005 हैदराबाद – रक्सौल एक्सप्रेस: प्रारंभिक स्टेशन हैदराबाद से प्रस्थान की तिथि: 10.12.2026 को रद्द रहेगी। ट्रेन संख्या 17006 रक्सौल – हैदराबाद एक्सप्रेस: प्रारंभिक स्टेशन रक्सौल जंक्शन से प्रस्थान की तिथि: 13.12.2026 को रद्द रहेगी। को रद्द। आंशिक समापन एवं परिचालन 15028 गोरखपुर – संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस: 30.11.2026, 06.12.2026 एवं 08.12.2026 से 15.12.2026 तक हटिया पर समाप्त होगी (हटिया-संबलपुर के बीच रद्द)। 15027 संबलपुर – गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस: 01.12.2026, 07.12.2026 एवं 09.12.2026 से 16.12.2026 तक हटिया से खुलेगी (संबलपुर-हटिया के बीच रद्द)। रेल प्रशासन यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद प्रकट करता है। यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व रेलवे की आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (NTES) ऐप/वेबसाइट के माध्यम से अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top