Hot News

अंधविश्वास ने ली मां-बेटे की जान, कुमारडुंगी में डायन-बिसाही के शक में पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया

जमशेदपुर से संजीव भारद्वाज की रिपोर्ट

West Singhbhum Crime: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से अंधविश्वास और क्रूरता की एक ऐसी रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने आधुनिक समाज के दावों को खोखला साबित कर दिया है. जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के एक सुदूर गांव में मंगलवार देर रात कथित तौर पर डायन होने के संदेह में एक स्त्री और उसके मासूम शिशु को जिंदा जला दिया गया. इस जघन्य वारदात में मां और शिशु की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई. वहीं, स्त्री का पति भी आग की लपटों में गंभीर रूप से झुलस गया. उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. उसकी भी स्थिति नाजुक बनी हुई है.

12 आरोपियों ने थाने में किया सरेंडर

रोंगटे खड़े कर देने वाली इस वारदात का खुलासा बुधवार को तब हुआ, जब घटना को अंजाम देने वाले 12 ग्रामीणों ने खुद कुमारडुंगी थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया. आरोपियों ने पुलिस के समक्ष बेखौफ होकर कुबूल किया कि उन्होंने ही स्त्री को डायन मानकर सपरिवार खत्म करने की साजिश रची और उसे अंजाम दिया. पुलिस ने आत्मसमर्पण करने वाले सभी लोगों को तुरंत हिरासत में ले लिया है. चाईबासा के डीएसपी रेफरल मुर्मू ने मामले की पुष्टि करते हुए इसे अंधविश्वास का चरम बताया है.

आधी रात को घर में घुसकर छिड़का पेट्रोल

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में पिछले कुछ दिनों से कुछ लोगों की बीमारी और मवेशियों की अचानक हो रही मौत को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म था. ग्रामीणों का एक समूह इसके लिए उक्त स्त्री को ही जिम्मेदार ठहरा रहा था और उसे ‘डायन’ घोषित कर चुका था. मंगलवार की आधी रात को जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तब करीब 12 लोगों का समूह हथियारों और पेट्रोल के साथ पीड़ित के घर में घुस गया. हमलावरों ने सो रहे परिवार पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी. आग इतनी तेजी से फैली कि मां और मासूम शिशु को घर से बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला और वे जिंदा जल गए.

इलाके में दहशत, भारी पुलिस बल तैनात

इस खौफनाक घटना के बाद पूरे कुमारडुंगी क्षेत्र में सनसनी और दहशत का माहौल है. गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है. बुधवार सुबह वरीय पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है ताकि आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें.

इसे भी पढ़ें: गर्मी शुरू होते ही खरसावां के दो दर्जन गांवों में जल उठी ढिबरी, 18 घंटे बिजली गुल

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी?

चाईबासा के डीएसपी रेफरल मुर्मू ने बताया कि यह मामला पूरी तरह से अंधविश्वास से प्रेरित है. उन्होंने कहा कि अभी तक चार मुख्य आरोपियों को औपचारिक रूप से हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य 8-10 लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है जो खुद थाना पहुंचे थे. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायन प्रथा के नाम पर इस तरह की हिंसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. मामले में हत्या, हत्या के प्रयास और डायन प्रतिषेध अधिनियम की संगीन धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: गुमला के बसिया में स्कूली बच्चों का ऑटो पलटा! एक बच्ची की मौत, दूसरी गंभीर

The post अंधविश्वास ने ली मां-बेटे की जान, कुमारडुंगी में डायन-बिसाही के शक में पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top