बर्दवान/पानागढ़.
पूर्व बर्दवान जिले में एसआइआर प्रक्रिया के विरोध में चल रहे आदिवासी संगठनों के अनशन के दौरान चोरी की घटना सामने आयी है. तृणमूल कांग्रेस आदिवासी सेल के प्रदेश अध्यक्ष और बर्दवान जिला परिषद के पूर्व सभाधिपति देबू टुडू का मोबाइल फोन अनशन मंच से ही चोरी हो गया. मिली जानकारी के मुताबिक घटना तब हुई, जब देबू टुडू एसआइआर प्रक्रिया के खिलाफ पिछले सात दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे. मोबाइल फोन चोरी होते ही चोर कोर्ट परिसर के भीड़भाड़ वाले इलाके में घुस कर फरार हो गया. यह अनशन-मंच जिलाधिकारी(डीएम) और पुलिस अधीक्षक(एसपी) कार्यालय से कुछ ही दूर नेताजी की प्रतिमा के नीचे लगाया गया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गये हैं. गौरतलब है कि एसआइआर प्रक्रिया के तहत पूर्व बर्दवान जिले के करीब 10 हजार मूल आदिवासियों को सुनवाई के लिए बुलाया गया है, जिसके विरोध में देबू टुडू व तारक टुडू के नेतृत्व में यह आंदोलन चल रहा है. मोबाइल फोन चोरी की घटना के बाद आंदोलन स्थल पर हड़कंप मच गया. मामले की जांच-पड़ताल में पुलिस लग गयी है. घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस खंगाल रही है, ताकि चोरी के आरोपी को पहचान कर उस तक पहुंचा जा सके.
The post अनशन मंच से आदिवासी नेता का मोबाइल चोरी, हड़कंप appeared first on Naya Vichar.

