नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के नरघोघी स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयमेंअभिभावक–प्राध्यापक बैठक का सफल आयोजन किया गया। यह बैठक मुख्यमंत्री, बिहार प्रशासन के गुणवत्तापूर्ण एवं कौशल-आधारित तकनीकी शिक्षा के विज़न तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार प्रशासन के दिशा-निर्देशों के आलोक में आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार मंडल ने की। इस अवसर पर अभिभावक–प्राध्यापक बैठक समन्वयक राकेश कुमार ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार नियमित अभिभावक–प्राध्यापक बैठक का आयोजन कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, उपस्थिति एवं करियर विकास से संबंधित विषयों पर अभिभावकों से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अभिभावक–शिक्षक के बीच निरंतर संवाद से विद्यार्थियों के शैक्षणिक, नैतिक एवं व्यक्तित्व विकास को नई दिशा मिलती है। उन्होंने मुख्यमंत्री जी के उस विज़न को रेखांकित किया, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, कुशल एवं रोजगारोन्मुख बनाना राज्य प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें श्री कुमार सागर,डॉ. वैशाली, श्री ज्या हुसैन,श्री नीरज कुमार उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त प्रथम वर्ष के समन्वयक डॉ. प्रमोद कुमार, सभी विभागीय समन्वयक, महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण, मेंटर्स तथा बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यार्थी भी बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन, आंतरिक मूल्यांकन, उपस्थिति, अनुशासन, इंटर्नशिप, कौशल विकास एवं भविष्य की करियर योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों ने भी अपने सुझाव साझा किए, जिन्हें महाविद्यालय प्रशासन द्वारा सकारात्मक रूप से संज्ञान में लिया गया। कार्यक्रम के अंत में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि इस प्रकार की बैठकों से अभिभावक, शिक्षक एवं विद्यार्थी के बीच समन्वय सुदृढ़ होगा तथा विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सकेगा।

