Assam Election: असम कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बताया- कांग्रेस विधानसभा चुनाव 5 अन्य पार्टियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है. उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में बताया कि कांग्रेस असम की 126 सीटों में से 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.
असम में किन-किन पार्टियों से कांग्रेस ने किया गठबंधन?
असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने असम जातीय परिषद, रायजोर दल, सीपीआई (एम), सीपीआई (एमएल) और ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन किया है. जबकि 100 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है. कांग्रेस ने गठबंधन सहयोगी रायजोर दल के लिए 11 सीट छोड़ी हैं.
कांग्रेस अब तक 94 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है
असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अब तक 126 सीटों में से 94 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है. कांग्रेस ने 3 मार्च को 42 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची, 7 मार्च को 23 उम्मीदवारों की दूसरी सूची, 19 मार्च को 22 उम्मीदवारों की तीसरी और 20 मार्च को 7 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की.
कांग्रेस 2016 से सत्ता से बाहर है
कांग्रेस 2016 से इस पूर्वोत्तर राज्य में सत्ता से बाहर है, जबकि बीजेपी के नेतृत्व वाली प्रशासन लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश करेगी. निवर्तमान विधानसभा में सत्तारूढ़ बीजेपी के 64 विधायक हैं, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद (अगप) के 9 विधायक, यूपीपीएल के 7और बीपीएफ के 3 विधायक हैं. विपक्ष में कांग्रेस के 26 विधायक, एआईयूडीएफ के 15 विधायक और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक विधायक हैं. एक निर्दलीय विधायक भी हैं.
9 अप्रैल को असम में होंगे चुनाव
असम विधानसभा की 126 सीट के लिए चुनाव 9 अप्रैल को होंगे. जबकि मतों की गिनती चार मई को होगी.
The post असम में कांग्रेस 100 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, 5 पार्टियों से मिलाया हाथ appeared first on Naya Vichar.

