Ethiopia Landslide: इथियोपिया में हुए भीषण लैंडस्लाइड में कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई है. वहीं 125 से अधिक लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. भारी बारिश के बाद आए इस लैंडस्लाइड से कई इलाके प्रभावित हुए हैं. स्थानीय अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की है. न्यूज एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक गामो जोन के डिजास्टर रिस्पांस डायरेक्टर मेसफिन मनुका ने बताया कि यह भूस्खलन गामो जोन में हुआ, जिससे गाचो बाबा, कम्बा और बोंके जिले प्रभावित हुए हैं. उन्होंने बताया कि राहत और बचाव अभियान के दौरान एक व्यक्ति को कीचड़ से जिंदा बाहर निकाला गया.
कीचड़ के अंदर मिले कई शव
गाचो बाबा जिले के संचार प्रमुख अबेबे अगेना ने बताया कि मृतकों में से अधिकतर के शव कीचड़ में दबे हुए मिले हैं. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इस आपदा में कितने घर प्रभावित हुए हैं.
राहत और बचाव अभियान जारी
लैंडस्लाइड के बाद प्रशासन की ओर से तेजी से राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है. बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की लगातार तलाश कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि कई शव अभी भी कीचड़ में दबे हो सकते हैं, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है.
इथियोपिया में भूस्खलन का खतरा क्यों बना रहता है?
इथियोपिया के कई पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा हमेशा बना रहता है. यहां भारी बारिश को लैंडस्लाइड की सबसे बड़ी वजह माना जाता है. इसके अलावा ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी भूभाग, कमजोर और ढीली मिट्टी और वनों की कटाई जैसी परिस्थितियां भी भूस्खलन की घटनाओं को बढ़ावा देती हैं.
पहले भी हो चुकी हैं बड़ी घटनाएं
इससे पहले जुलाई 2024 में दक्षिणी इथियोपिया के केंचो शाचा गोजदी इलाके में मिट्टी धंसने की बड़ी घटना हुई थी, जिसमें कम से कम 157 लोगों की मौत हो गई थी.
Also Read: अमेरिका पर दबाव बनाने के लिए ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में मचाया आतंक, 2 हिंदुस्तानीय जहाजों को किया पार
The post इथियोपिया लैंडस्लाइड: 50 लोगों की मौत, सैकड़ों लापता, कीचड़ में दबे मिले कई शव appeared first on Naya Vichar.
