नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर।आज समाहरणालय सभागार, समस्तीपुर में उच्च जातियों के लिए राज्य आयोग के माननीय सदस्य श्री जय कृष्ण झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उच्च वर्ग के गरीब एवं पिछड़े परिवारों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने हेतु विकासात्मक कार्यों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक सुझाव प्राप्त किए गए।
माननीय सदस्य श्री झा ने बताया कि अन्य वर्गों की भांति उच्च जातियों के आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों एवं परिवारों के उत्थान के लिए ठोस कदम उठाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पूरे राज्य में व्यापक भ्रमण एवं निरीक्षण किया जा रहा है तथा विभिन्न स्तरों से सुझाव प्राप्त किए जा रहे हैं। इस क्रम में पहले प्रमंडल स्तर पर बैठक की गई और अब सभी जिलों में बैठक आयोजित की जा रही है। आगे चलकर प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर भी बैठकें आयोजित कर सुझाव प्राप्त किए जाएंगे और प्रशासन को अवगत कराया जाएगा ताकि आवश्यक और ठोस निर्णय लिए जा सकें।
बैठक में अपर समाहर्ता समस्तीपुर श्री बृजेश कुमार, नजारत उप समाहर्ता समस्तीपुर श्री रजनीश कुमार राय, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने उच्च जातियों के गरीब एवं पिछड़े परिवारों के विकास हेतु अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
माननीय सदस्य द्वारा अधिकारियों के सुझावों को संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई हेतु आश्वासन दिया गया।

