Hot News

एडीजी प्रयागराज की फटकार से हिला खागा थाना, विधवा की जमीन पर कब्जे और मारपीट में लापरवाही पर दिए कड़े निर्देश

Fatehpur News: खागा कस्बा स्थित जनहितकारी इंटर कॉलेज के पास रहने वाली विधवा रामरानी सिंह ने बताया कि उनके देवर और कुछ प्रभावशाली स्थानीय लोग मिलकर उनकी पुश्तैनी भूमि पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं. रामरानी सिंह का कहना है कि पति की मृत्यु के बाद वह अकेली रह गई हैं और इसी का फायदा उठाकर रिश्तेदारों ने उनकी जमीन हथियाने की योजना बना ली. विपक्षीगण खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि चाहे जो हो जाए, वो जमीन लेकर ही रहेंगे. स्त्री ने कहा कि उन्हें डराने और बेदखल करने के लिए हर तरह की दबंगई अपनाई जा रही है.

अभिलेखों में फर्जीवाड़ा, फिर दबंगई से कब्जा

रामरानी सिंह ने एडीजी को बताया कि सबसे पहले अभिलेखों में हेरफेर कर उनकी जमीन पर अवैध हक जताने की कोशिश की गई. लेकिन जब तहसील के कर्मचारियों ने जांच में फर्जी दस्तावेज पकड़ लिए, तो विपक्षी पक्ष ने सीधे जबरन कब्जे का रास्ता अपना लिया. 23 जून को जब वह लेखपाल द्वारा चिह्नित अपनी भूमि पर मेड़बंदी करवा रही थीं, तभी विपक्षीजन लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे. उन्होंने स्त्री के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की. जान बचाकर वह किसी तरह वहां से भागीं. इसके बाद कुछ दिन बीते नहीं कि उन्होंने उसी भूमि पर ट्रैक्टर चलवाकर जोताई करवा दी और खेत को पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया.

पुलिस ने नहीं की कार्रवाई, आरोपियों के बढ़े हौसले

स्त्री का आरोप है कि स्थानीय थाने में कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. पुलिस की निष्क्रियता के चलते आरोपियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि खेत में जबरन धान की रोपाई कर दी गई है, ताकि भूमि पर कब्जा साबित किया जा सके. संपूर्ण समाधान दिवस में उन्होंने डीएम और एसपी को भी अपनी पीड़ा बताई, परंतु महज औपचारिकता निभा दी गई. प्रशासनिक निर्देशों को दरकिनार कर केस की अनदेखी होती रही. स्त्री ने कहा कि उन्हें न्याय की बजाय सिर्फ तारीखें और आश्वासन मिलते रहे हैं.

फिर से पेड़ लगाने गईं तो मिली धमकी और मारपीट

सात जुलाई को रामरानी सिंह अपने खेत में पेड़ लगाने गई थीं, ताकि भूमि पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकें. लेकिन जैसे ही काम शुरू हुआ, विपक्षी फिर वहां पहुंच गए. उन्होंने स्त्री को पकड़कर धक्का दिया, गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी. डर के मारे स्त्री फिर खेत छोड़कर वापस लौट आईं. उन्होंने बताया कि हर बार शिकायत करने के बाद भी पुलिस कोई कदम नहीं उठाती, जिससे विपक्षी पक्ष और भी अधिक आक्रामक हो गया है.

एडीजी ने खागा कोतवाल को लगाई फटकार, दिया कार्रवाई का निर्देश

पीड़िता की पूरी बात सुनने के बाद एडीजी जोन प्रयागराज डॉ. संजीव गुप्ता ने खागा कोतवाली प्रभारी को फोन कर मामले में तत्काल संज्ञान लेने के निर्देश दिए. उन्होंने पुलिस की निष्क्रियता पर नाराजगी जताई और कहा कि अगर एक सप्ताह के भीतर जरूरी कार्रवाई नहीं हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों पर भी विभागीय एक्शन लिया जाएगा. उन्होंने पीड़िता को आश्वस्त किया कि अब उसकी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी.

The post एडीजी प्रयागराज की फटकार से हिला खागा थाना, विधवा की जमीन पर कब्जे और मारपीट में लापरवाही पर दिए कड़े निर्देश appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top