Firing in Austria: ऑस्ट्रिया के ग्राज शहर के एक स्कूल में मंगलवार को अंधाधुंध गोलीबारी में 8 छात्रों समेत 10 लोगों की मौत हो गई है. घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि हमलावर ने स्कूल की दो कक्षाओं में घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. गोलीबारी में छात्रों समेत टीचर और अन्य लोग भी शामिल हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हमलावर भी एक छात्र था, जिसने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. रिपोर्ट के बाद अंधाधुंध फायरिंग के बाद उसने खुद को भी गोली मार ली. पुलिस ने कहा है कि हमलावर ने घटना को अकेले अंजाम दिया. पुलिस ने कहा कि फायरिंग में हमलावर समेत 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं.
मेयर ने कहा भयानक त्रासदी
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने ऑस्ट्रिया प्रेस एजेंसी की एक रिपोर्ट के हवाले से बताया कि शहर के मेयर एल्के काहर ने गोलीबारी की इस घटना को भयानक त्रासदी करार दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक मृतकों में आठ छात्र और एक वयस्क शामिल है. वहीं स्कूल के एक बाथरूम में हमलावर का भी शव मिला. अधिकारियों ने आरोपी की फिलहाल कोई खास जानकारी नहीं दी है. अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे एक कॉल के बाद पुलिस समेत विशेष बलों को बोर्ग ड्रेयर्सचुटजेन्गेस्से हाई स्कूल में भेजा गया.
राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलेन ने जताया दुख
ग्राज शहर ऑस्ट्रिया का दूसरा सबसे बड़ा शहर है. यह देश के दक्षिण-पूर्व में स्थित है और इसकी जनसंख्या लगभग 3 लाख है. ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलेन ने कहा कि इस बर्बर घटना को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा वे युवा थे, जिनके सामने पूरा जीवन था. एक शिक्षक जो उन्हें राह दिखा रहा था.
The post ऑस्ट्रिया में अंधाधुंध गोलीबारी से मौत का तांडव, 8 छात्रों समेत 10 लोगों की मौत, हमलावर भी मारा गया appeared first on Naya Vichar.