Bihar Accident News: कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. एनएच-31 पर डागपुर बकरी फार्म के पास एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर कई लोगों को कुचलती चली गई. इस भीषण हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं.
पूर्णिया से भागलपुर जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, यह यात्री बस पूर्णिया से भागलपुर की ओर जा रही थी. बस में काफी संख्या में यात्री सवार थे. जैसे ही बस डागपुर बकरी फार्म के पास पहुंची, अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क पर जा रहे दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद और बेकाबू हुई बस
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद चालक बस को लेकर भागने की कोशिश करने लगा. इसी दौरान उसने एक पिकअप वाहन को भी टक्कर मार दी, जिससे स्थिति और भयावह हो गई. बस की रफ्तार और अनियंत्रित स्थिति के कारण सड़क पर मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए.
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए. घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
इस हादसे में एक मृतक स्त्री की पहचान हो सकी है. मृतक स्त्री 35 वर्षीय चिंतामणी महतो पूर्णिया की रहने वाली हैं. जो कोढ़ा के बड़हरा कोठी अपने रिश्तेदार के यहां आयी थी. बाकी के नौ मृतकों की पहचान के लिए पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है. उसी तरह से घायलों की भी अब तक पहचान नहीं हो सकी है. चारों तरफ अफरा-तफरी का महौल कायम है.
कटिहार: एनएच-31 पर भीषण हादसा, 10 की मौत. कोढ़ा थाना क्षेत्र के डागपुर बकरी फार्म के पास घटना. पूर्णिया से भागलपुर जा रही बस हुई अनियंत्रित. पहले बाइक सवारों को मारी टक्कर. भागने के दौरान पिकअप वाहन से भी भिड़ी बस.
मौके पर मची अफरातफरी. पुलिस ने 10 लोगों की मौत की पुष्टि की. 30… pic.twitter.com/yZv5vBFD0R
— Naya Vichar (@prabhatkhabar) April 11, 2026
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है.
इलाके में दहशत, परिजनों में मचा कोहराम
इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. एक ही पल में कई घरों के चिराग बुझ गए, जिससे गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई.
Also Read: दरभंगा सोना लूटकांड जांच में धमाका, बेगूसराय में बम फटा, बिहार पुलिस के 5 जवान घायल
The post कटिहार में भीषण सड़क हादसे में 10 की मौत, पूर्णिया से भागलपुर जा रही बस ने कई लोगों को कुचला appeared first on Naya Vichar.
