समाहरणालय से पटेल मैदान तक गूंजे नारे – “पहले मतदान, फिर जलपान”
नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर: आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र मतदाताओं में जागरूकता फैलाने हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देशानुसार बुधवार को समाहरणालय परिसर से मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से एक भव्य कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वीप (SVEEP) अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व नोडल पदाधिकारी सह एनडीसी रजनीश कुमार राय एवं डीपीओ आईसीडीएस ने संयुक्त रूप से किया। कैंडल मार्च समाहरणालय परिसर से प्रारंभ होकर पटेल गोलंबर होते हुए पटेल मैदान तक निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं ने भाग लिया और “लोकतंत्र के पर्व में सबकी भागीदारी”, “मतदान है हमारा अधिकार” जैसे नारों से शहर का माहौल मतदाता जागरूकता के संदेशों से गूंज उठा। मौके पर स्वीप कोषांग से संबंधित सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रतिभागियों के हाथों में जलती हुई मोमबत्तियाँ और हाथों में तख्तियाँ लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव 2025 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना और आम नागरिकों को लोकतंत्र में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना था।

