Tej Pratap Yadav: बिहार में एक बार फिर तेज प्रताप यादव को लेकर विवाद तेज हो गया है. इस बार मामला उनके निजी जीवन और एक मेडिकल रिपोर्ट से जुड़ा हुआ है. जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अनुष्का यादव और उसके शिशु से किसी भी तरह के संबंध से साफ इनकार किया है. उन्होंने इसे साजिश बताया है.
मेडिकल रिपोर्ट से बढ़ा विवाद
तेज प्रताप के इनकार के बीच एक मेडिकल रिपोर्ट सामने आई है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है. यह पर्चा 7 अक्टूबर 2025 का बताया जा रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, 27 साल की अनुष्का यादव का इलाज पटना के कंकड़बाग स्थित डॉ. ऋतु राज के वर्लिका मदरहुड हॉस्पिटल में चल रहा था.
पर्चे में पति के रूप में तेज प्रताप का नाम
मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन में अनुष्का यादव के पति के कॉलम में तेज प्रताप यादव का नाम साफ तौर पर दर्ज है. पर्चे में अनुष्का की बीपी, स्वास्थ्य स्थिति और इलाज से जुड़ी पूरी जानकारी लिखी हुई है. इसी डाक्यूमेंट्स के सार्वजनिक होने के बाद सवाल खड़े हो रहे हैं. आखिर ये तेज प्रताप कौन है? जिसका नाम इस पर्चे में दर्ज है.
तस्वीर से मामला और पेचीदा
इतना ही नहीं, लालू के बेटे तेज प्रताप यादव और डॉ. ऋतु राज की एक तस्वीर भी सामने आई है. यह तस्वीर भी वायरल हो रही है. इससे मेडिकल रिपोर्ट को लेकर दावे और मजबूत होते दिख रहे हैं. हालांकि तेज प्रताप यादव प्रेस कांफ्रेंस कर इन सभी सबूतों को सिरे से खारिज कर चुके हैं.
तेज प्रताप का इनकार, लगाए साजिश के आरोप
तेज प्रताप यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अनुष्का यादव या उसके शिशु से उनका कोई संबंध नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ “जयचंद” उन्हें जानबूझकर फंसाने की कोशिश कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने आकाश भाटी नाम के व्यक्ति का जिक्र किया. तेज प्रताप का दावा है कि अनुष्का उसी के पास जाती थी और बच्चा भी उसी का है.
तेज प्रताप का पलटवार
तेज प्रताप यादव ने कहा कि यह सब उन्हें बदनाम करने की साजिश है. उन्होंने कहा कि अगर किसी को शक है, तो आकाश भाटी और अनुष्का यादव से जाकर पूछे कि बच्चा किसका है. अब सवाल यह है कि अगर उनका कोई रिश्ता नहीं है, तो फिर इस डॉक्यूमेंट में उनका नाम कैसे आया?
क्या तेज प्रताप कराएंगे डीएनए जांच?
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अनुष्का यादव अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुकी हैं. लेकिन अभी तक घर नहीं पहुंची हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या तेज प्रताप यादव इन दावों को खारिज करने के लिए डीएनए जांच कराएंगे?
Also Read: ‘सुनील सिंह मेरे मामा के चेले थे, संभल कर बोलें नहीं तो सुधार दूंगा…’, तेज प्रताप यादव ने RJD नेता को दी खुली चुनौती
The post कौन है तेज प्रताप? जिसका नाम मेडिकल रिपोर्ट में अनुष्का के पति के रूप में है दर्ज appeared first on Naya Vichar.

