Acb Jharkhand News, गुमला, (दुर्जय पासवान): झारखंड के गुमला जिले में खाकी वर्दी एक बार फिर दागदार हुई है. मामले चैनपुर थाने का है जहां एक थानेदार ने थाना प्रभारी की कुर्सी संभालते ही रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिये गये हैं. जबकि उन्होंने महज दो दिन पहले रविवार को उस थाने की कमान संभाली थी. एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) की टीम ने बुधवार को चैनपुर थाना प्रभारी शैलेश कुमार को 30 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है.
थाना प्रभारी शैलेश कुमार और पूर्व प्रभारी ने मिलकर बनाया था अवैध वसूली का दबाव
जानकारी के मुताबिक वर्तमान थाना प्रभारी शैलेश कुमार और पूर्व प्रभारी अशोक कुमार ने पीड़ित जयपाल नायक से निजी मकान के लिए ईंट पकाने के एवज में अवैध वसूली का दबाव बनाया था. जयपाल नायक ने बताया कि वह एक गरीब व्यक्ति है. चैनपुर थानेदार लगातार उसे परेशान करके पैसे की मांग कर रहे थे. थक-हारकर उसने पूरे मामले की शिकायत एसीबी रांची से की.
Also Read: जिस पर पत्नी को था सबसे ज्यादा भरोसा, उसी ने दागी गोली, वंदना कुमारी हमला मामले का खुलासा
दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर थाना प्रभारी हुए गिरफ्तार
शिकायत का वेरिफिकेशन होने के बाद एसीबी ने थाना प्रभारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया. बुधवार दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर जैसे ही थाना प्रभारी ने रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया. इसके बाद एसीबी की टीम ने करीब 15 मिनट तक उनके आवास की तलाशी ली. आवश्यक कार्रवाई के बाद शाम 3 बजकर 10 मिनट पर आरोपी थानेदार को रांची ले आया गया. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की इस कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. वहीं, चैनपुर और आसपास के इलाकों में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है.
Also Read: रिपब्लिक डे पर घूमने का प्लान है, तो झारखंड ये तीन फॉल्स देंगे पिकनिक भरपूर मजा
The post गुमला में पुलिस की वर्दी दागदार, ACB ने चैनपुर थानेदार को घूस लेते दबोचा, 2 दिन पहले ही लिया था चार्ज appeared first on Naya Vichar.

