नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर: आज जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा द्वारा समस्तीपुर सदर प्रखंड में ‘हिंदुस्तान की जनगणना 2027’ के सफल संचालन हेतु प्रगणकों (Enumerators) एवं पर्यवेक्षकों (Supervisors) के लिए आयोजित प्रशिक्षण सत्र का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित कर्मियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश और राज्य की भविष्य की योजनाओं और विकास नीतियों के निर्धारण में आधार स्तंभ की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण की हर बारीकी को ध्यान से समझें ताकि डेटा संकलन के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो।
जिलाधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित आंकड़े एकत्र करने पर विशेष बल दिया।
प्रगणकों को बताया गया कि किस प्रकार डिजिटल माध्यमों या निर्धारित प्रपत्रों में जानकारी दर्ज करनी है।पर्यवेक्षकों को अपने अधीन प्रगणकों के कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग और मार्गदर्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।इस अवसर पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) समस्तीपुर सदर, मास्टर ट्रेनर्स, विभिन्न विभागों के प्रशिक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा जनगणना की प्रश्नावली, मैपिंग और तकनीकी पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने विश्वास जताया कि सभी कर्मी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और समयबद्धता के साथ करेंगे।