सोनो. थाना क्षेत्र अंतर्गत मटिहाना पंचायत के पैरा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में पूर्व वार्ड सदस्य शहनवाज आलम उर्फ लल्लू (40 वर्ष) की करंट लगने से मौत हो गयी. घटना दोपहर करीब 12 बजे की बतायी जा रही है. मृतक शहनवाज आलम, मो सलीम के पुत्र थे और पंचायत व सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे. प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहनवाज आलम जुम्मे की नमाज अदा करने से पूर्व स्नान की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान पानी गर्म करने के लिए उपयोग में लायी जा रही विद्युत प्रवाहित इलेक्ट्रिक रॉड की चपेट में आ गये. करंट लगते ही वे अचेत होकर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. घटना की समाचार फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गयी. बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंच गये. पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अयोध्या मंडल व समाजसेवी मो असलम ने मौके पर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों को ढांढ़स बंधाया तथा हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया. इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है. ग्रामीणों ने बताया कि शहनवाज आलम बेहद मिलनसार, सरल स्वभाव और सभी के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले व्यक्ति थे. उनके आकस्मिक निधन से गांव को अपूरणीय क्षति हुई है. मौत की समाचार मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. पत्नी रजिया खातून का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि 90 वर्षीय वृद्ध पिता और माता गहरे सदमे में हैं. घर में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
डिस्क्लेमर: यह नया विचार समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे नया विचार डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
The post जुम्मे की नमाज से पूर्व स्नान के दौरान हादसा, करेंट लगने से पूर्व वार्ड सदस्य की मौत, शोक appeared first on Naya Vichar.

