कुलपति को अस्पताल से मिली छुट्टी, मानसिक तनाव की स्थिति से दूर रहने की सलाह
संवाददाता, कोलकाताजादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) के कार्यवाहक कुलपति भास्कर गुप्ता को भर्ती होने के चार दिन बाद रविवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी. जेयू की घटना के कुछ दिनों बाद वीसी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनकी शारीरिक स्थिति अब स्थिर है. हालांकि अस्पताल से रिहा होने के बाद भी वह फिलहाल विश्वविद्यालय नहीं जा पायेंगे. डॉक्टरों का कहना है कि किसी भी तरह की उत्तेजना या मानसिक तनाव से श्री गुप्ता की शारीरिक स्थिति खराब हो सकती है. परिणामस्वरूप, उन्हें अगले कई दिनों तक घर पर ही पूरी तरह आराम करने का निर्देश दिया गया है. दूसरी ओर, जेयू के प्रदर्शनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को सोमवार दोपहर एक बजे तक की समय-सीमा दी है. छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर विद्यार्थी आंदोलनरत हैं. वे चाहते हैं कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस संबंध में जल्द फैसला ले. छात्रों ने इसके लिए समय सीमा तय कर दी है. सोमवार को विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद की बैठक हो सकती है. छात्रों ने धमकी दी है कि यदि कार्यकारी समिति की बैठक में सकारात्मक कदम नहीं उठाये गये, तो वे विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का घेराव करेंगे. अरविंद भवन में वाइस चांसलर, प्रो वाइस चांसलर और रजिस्ट्रार के कार्यालयों सहित विभिन्न कार्यालयों को उस दिन बंद रखने की चेतावनी दी गयी है. हालांकि, छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसे ध्यान में रखते हुए परीक्षा नियंत्रक कार्यालय और छात्रवृत्ति अनुभाग को इसमें शामिल नहीं किया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह नया विचार समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे नया विचार डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
The post जेयू के वीसी बातचीत करना चाहते हैं छात्रों से appeared first on Naya Vichar.