Jharkhand Weather Report: झारखंड में अगले 24 से 48 घंटों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में सुबह और देर रात में ठिठुरन बढ़ सकती है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची के प्रमुख डॉ. बाबूराज पीपी के अनुसार झारखंड में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है. राज्य के कई हिस्सों में रात के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. खासकर सुबह और देर रात के समय ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं. मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि शनिवार से ठंडी हवाओं का प्रभाव तेज होगा, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी.
सुबह हल्के से कुहासे की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड के शहरों और ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय हल्के से मध्यम कुहासे का असर रहेगा. शुक्रवार को जमशेदपुर समेत आसपास के इलाकों में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन शनिवार से आसमान साफ होने की संभावना है. आसमान साफ होते ही ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर बढ़ेगा, जिससे रात की ठंड और ज्यादा महसूस होगी.
पूर्वोत्तर झारखंड में कैसा रहेगा तापमान
पूर्वोत्तर झारखंड के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. गिरिडीह और जामताड़ा जैसे इलाकों में रात का तापमान अपेक्षाकृत कम रहेगा, जिससे ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा.
उत्तर-पश्चिम झारखंड में ठंड का असर तेज
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में अगले पांच दिनों के दौरान दिन का तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. वहीं न्यूनतम तापमान 7 से 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. गढ़वा और पलामू में रातें ज्यादा ठंडी रहने की संभावना है, जहां न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है.
रांची में भी बढ़ेगी ठिठुरन
रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी और गुमला में ठंड का असर साफ दिखाई देगा. रांची में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. गुमला और खूंटी में रात का तापमान 7 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं.
दक्षिण झारखंड में दिन गर्म, रात ठंडी
पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा में दिन के समय तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात का तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर होने के कारण लोगों को स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
रामगढ़ और जामताड़ा का ताजा तापमान
7 फरवरी को रामगढ़ का अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री और न्यूनतम 10.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. रांची में तापमान 26.0 डिग्री के आसपास रहा. वहीं जामताड़ा में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
इसे भी पढ़ें: पांच साल से गायब है बोकारो की सेजल, सात महीने से पुष्पा
सूर्योदय-सूर्यास्त का समय
मौसम विभाग के अनुसार, सूर्योदय सुबह 06:21 बजे और सूर्यास्त शाम 05:33 बजे होगा. कम होती धूप और साफ आसमान के कारण ठंड का असर आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है.
इसे भी पढ़ें: होली में रांची से चलेंगी तीन स्पेशल ट्रेन, यात्रियों की बढ़ी आवाजाही
The post झारखंड में अगले 24 से 48 घंटों में बदलेगा मौसम का मिजाज, बढ़ेगी ठिठुरन appeared first on Naya Vichar.
