नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के नरघोघी हाट स्थित तालाब में बड़ी मात्रा में मछलियां मर गई हैं। इससे मत्स्य पालक को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। इस संबंध में मत्स्यपालक तेज नारायण सहनी ने बताया कि चार दिन पूर्व डेढ़ क्विंटल मछली के बीज को तालाब में खरीद कर गिराया गया था, लेकिन अचानक गुरुवार को सारी मछलियां मरी पड़ी थी। इससे उन्हें लगभग 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। तेज नारायण सहनी ने आरोप लगाया है कि इस तालाब में अभियंत्रण महाविद्यालय से नाली के माध्यम से गंदा पानी छोड़ा जाता है, जिससे मछलियों को ऑक्सीजन लेने में परेशानी हुई और सभी मछलियां मर गईं। उन्होंने विभाग को और वन एवं पर्यावरण विभाग को नाला बंद करवाने और प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। बता दें कि इस तालाब में वर्षों से लोग छठ पूजा और दुर्गा पूजा की मूर्ति विसर्जन करते आ रहे हैं, लेकिन अब इस तालाब की स्थिति जर्जर हो गई है, जिससे लोगों को छठ पूजा और मूर्ति विसर्जन करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2020 में इस तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए मनरेगा योजना से करोड़ों रुपये खर्च किए गए थे। बारिश के पानी को स्टोरेज करने के लिए नाला का निर्माण कराया गया था और सोलर संचालित पंप भी पानी के लिए लगाया गया था, लेकिन आज देखरेख और विभागीय उदासीनता के कारण इस तालाब की स्थिति काफी जर्जर हो गई है। मंत्री मत्स्यजीवी सहयोग समिति लिमिटेड सरायरंजन के मत्स्य पालक तेज नारायण सहनी ने विभाग से मांग की है कि नाला बंद करवाया जाए और उन्हें उचित मुआवजा दिलाया जाए। साथ ही तालाब की स्थिति सुधारने के लिए भी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों और लोगों को पूजा करने में भी परेशानी न हो।

