दिव्यांगजनो ने शहर वासियों को मतदाता जागरूकता, स्वच्छता और सामाजिक समावेशन का दिया संदेश
नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर :– बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर मतदाता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिला स्तरीय स्वीप प्लान के अंतर्गत मंगलवार को जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के द्वारा दिव्यांगजन प्रभात फेरी व दिव्यांगजन साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली समाहरणालय परिसर से सुबह 8 बजे शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पटेल गोलंबर के रास्ते बीआरबी कॉलेज तक गई और अंततः पटेल मैदान में समाप्त हुई। रैली को एनडीसी सह डीपीआरओ रजनीश कुमार राय और सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन पदाधिकारी सोनाली ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला भर से लगभग 45 दिव्यांगजन और जीविका की ओर से कई साइकिल सवार स्कूली छात्राएं रैली में शामिल हुए।कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल स्वच्छता और मतदाता जागरूकता फैलाना था, बल्कि दिव्यांगजन और अन्य समुदायों के सामाजिक समावेशन को भी बढ़ावा देना था। रैली में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शहर के प्रमुख मार्गों पर मतदाता जागरूकता संदेश फैलाए।प्रतिभागियों ने मतदाता होने के अधिकार, चुनाव में सक्रिय भागीदारी और समाज में दिव्यांगजनों की भूमिका पर जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियाँ समाज में समरसता और जिम्मेदार नागरिक निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मौके पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए साइकिल सवार दिव्यांगजन, जीविका दीदी एवं स्कूली छात्राएं मौजूद थी।

