अग्निवीर भर्ती रैली. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभ्यर्थियों को ग्राउंड में प्रवेश कराया गया कटिहार. शहर के सिरसा आर्मी कैंप स्थित गढ़वाल ग्राउंड में मंगलवार को अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर आर्मी भर्ती रैली दूसरे दिन भी जारी रही. दूसरे दिन अग्निवीर टेक्निकल पद के लिए कटिहार एआरओ अंतर्गत शेष 10 जिला यथा अररिया, बांका, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, मधेपुरा, मुंगेर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल के अभ्यर्थियों ने फिजिकल टेस्ट में हिस्सा लिया. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रैली में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को ग्राउंड में प्रवेश कराया गया. अभ्यर्थियों की जांच के बाद ही फिजिकल टेस्ट के लिए चयनित किया गया. जिला प्रशासन की ओर से प्रतिनियुक्त नोडल अधिकारी व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने गढ़वाल ग्राउंड पहुंच बहाली प्रक्रिया व विधि व्यवस्था का जायजा भी लिया. प्रशासनिक स्तर से जानकारी दी गयी कि शांतिपूर्ण तरीके से निर्धारित प्रक्रिया के तहत अग्निवीर भर्ती रैली चल रही है. इसके लिए जिला पदाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की ओर से व्यापक व्यवस्था की गयी है. बुधवार को अग्निवीर जीडी पद के लिए कटिहार एआरओ अंतर्गत बेगूसराय व खगड़िया जिला के अभ्यर्थी फिजिकल टेस्ट में हिस्सा लेंगे. उल्लेखनीय है कि अग्निवीर भर्ती रैली आगामी 13 फरवरी तक चलेगी इस भर्ती रैली में एआरओ कटिहार अंतर्गत 12 जिले के अभ्यर्थी शामिल हो रहे है. अलग-अलग तिथियों में अलग-अलग जिले के अभ्यर्थी को शामिल होने के लिए कैलेंडर जारी किया गया है. अग्निवीर टेक्निकल के बाद अग्निवीर जीडी सहित अन्य पदों पर भर्ती की प्रक्रिया निर्धारित शिड्यूल के मुताबिक ही होगा.
The post दूसरे दिन अग्निवीर टेक्निकल पद के लिए 10 जिलाें के अभ्यर्थियों ने लगायी दौड़ appeared first on Naya Vichar.

