मधुपुर. शहर के बावन बीघा स्थित देवालय बंधु आश्रम परिसर में आयोजित तीन दिवसीय माघी पूर्णिमा सह श्री श्रीधर नारायण का 91वां वार्षिकोत्सव रविवार को श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाया गया. इस दौरान क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा. उत्सव के समापन दिवस की शुरुआत रविवार को सुबह श्रीधर नारायण के महास्नान से किया गया. इसके बाद आरती, भजन-कीर्तन व वंदना के साथ वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बन गया. सुबह श्रद्धालुओं के द्वारा प्रभातफेरी निकाली गयी. जो शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः देवालय बंधु आश्रम पहुंचा. प्रभातफेरी में शामिल श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए प्रभु नाम का स्मरण करते दिखे. धार्मिक अनुष्ठानों के क्रम में शिव प्रतिष्ठा, हवन-यज्ञ, महास्नान, अंजलि, कीर्तन व विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया. अनुष्ठानों के बाद देवालय परिसर में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद खिचड़ी का वितरण किया गया. सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक साथ जमीन पर बैठकर महाप्रसाद ग्रहण किया, जो सामाजिक एकता और समानता का सशक्त प्रतीक बना. धर्मगुरुओं व वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक उत्सव समाज को जोड़ने का कार्य करते है. उन्होंने देश, समाज और परिवार की रक्षा, आपसी भाईचारे, प्रेम, बंधुत्व एवं मानवता के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया. मौके पर देवालय बंधु आश्रम समिति के अध्यक्ष आशीष मुखर्जी, सचिव अशोक कुमार घोष, कोषाध्यक्ष उत्पल मुखर्जी, उपाध्यक्ष डॉ आशिम कुमार सिन्हा सहित संदीप बनर्जी, शांतानु विश्वास, चिन्मय घेाषवाल, मानिक चट्टोपाध्याय, अमिताभ कुमार, गुड्डू दुबे, कौशिक विश्वास, राजा दास, सोमा नंदी, संजय नंदी, अंजय नंनदी समेत दर्जनों श्रद्धालु शामिल हुए.
The post देवालय बंधु आश्रम में धूमधाम से श्री श्रीधर नारायण का 91वां वार्षिकोत्सव मना appeared first on Naya Vichar.

