धनबाद से ज्योति रॉय और लातेहार से चंद्रप्रकाश की रिपोर्ट
Bomb Threat: झारखंड में गुरुवार 12 मार्च 2026 को धनबाद और लातेहार के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. लातेहार कोर्ट को पहली बार और धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने के लिए दूसरी बार धमकी दी गई है. इसके बाद दोनों जिलों के पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार दोनों जिलों के कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे परिसर में सघन जांच शुरू कर दी गई.
कोर्ट परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा
बम की धमकी मिलने के बाद पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई हैं. पुलिस टीम कोर्ट परिसर के हर हिस्से की जांच कर रही है और संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की जा रही है. सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले लोगों की भी जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.
बार एसोसिएशन चुनाव के बीच मिली धमकी
इस घटना को और गंभीर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि गुरुवार को पूरे झारखंड में झारखंड बार एसोसिएशन का चुनाव चल रहा है. मतदान के दौरान ही कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अधिवक्ताओं और कर्मचारियों के बीच भी चिंता का माहौल बन गया. हालांकि प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.
लातेहार कोर्ट को पहली बार मिली धमकी
लातेहार कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी पहली बार दी गई है. धमकी की सूचना मिलते ही लातेहार पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गई और कोर्ट परिसर पूरी तरह छावनी में तब्दील हो गया.
पहले भी मिल चुकी है धमकी
धनबाद सिविल कोर्ट को इससे पहले भी 25 फरवरी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. उस समय भी ईमेल के जरिए ही धमकी भेजी गई थी. उस मामले में भी पुलिस ने जांच शुरू की थी, लेकिन अब तक धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है.
बिहार-झारखंड की अदालतों को मिल रही लगातार धमकियां
पिछले कुछ महीनों के दौरान बिहार और झारखंड के कई न्यायालयों को इसी तरह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं. यह घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं. हालांकि अब तक इन धमकियों के पीछे कौन लोग हैं, इसका खुलासा नहीं हो सका है.
इसे भी पढ़ें: दुमका के टीन बाजार में पूजा सामग्री की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
बोकारो और रांची कोर्ट को भी मिली धमकी
इससे पहले 9 मार्च को बोकारो के सिविल कोर्ट को ईमेल के जरिए साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई थी. इसके अगले ही दिन 10 मार्च को रांची के सिविल कोर्ट को भी दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी दी गई. अब धनबाद के सिविल कोर्ट को फिर से धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें: प्यार में धोखा खाने के बाद झुमरी तिलैया की युवती ने दे दी जान, जल्द होने वाली थी सगाई
The post धनबाद और लातेहार कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, झारखंड बार एसोसिएशन का हो रहा चुनाव appeared first on Naya Vichar.
