: नगर परिषद चुनाव को लेकर गहमा गहमी, चौक-चौराहों पर हो रही है चर्चा अध्यक्ष के लिए दो व वार्ड पार्षद के लिए 32 नामांकन पर्चा बिके चतरा. नगर परिषद चुनाव के नामांकन के दूसरे दिन शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए एक भी नामांकन नहीं हुआ. जबकि वार्ड नंबर आठ के लिए सेवंती देवी ने नामांकन पर्चा दाखिल किया. अध्यक्ष पद के लिए रोहित कुमार व राजेश कुमार रोशन ने नामांकन पर्चा खरीदा. वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए 32 नामांकन पर्चा की बिक्री हुई. अध्यक्ष पद के लिए नामांकन समाहरणालय स्थित अपर समाहर्ता कार्यालय में हो रहा है. वहीं वार्ड पार्षदों का नामांकन नगर परिषद कार्यालय में हो रहा है. दो दिनों में अध्यक्ष पद के लिए एक व वार्ड पार्षद पद के लिए एक नामांकन पर्चा दाखिल किया गया है. चुनाव को लेकर शहर में गहमा गहमी है. चुनाव लड़ने वाले लोग नामांकन पर्चा खरीदने, नो ड्यूज कराने व अन्य प्रक्रिया में जुटे हुए हैं. इस बार नो ड्यूज प्रक्रिया थोड़ा जटिल होने के कारण चुनाव लड़ने वालों को परेशानी हो रही है. चुनाव लड़ने वालों के साथ-साथ उनके प्रस्तावक व समर्थकों का घर की पुन: मापी करा कर टैक्स लिया जा रहा है, जिससे कई लोग प्रस्तावक व समर्थक बनने से इनकार कर रहे हैं. यही वजह है कि नामांकन धीमी गति से चल रहा है. कई लोगों ने कहा कि चुनाव के दौरान इस तरह प्रक्रिया अपनाना ठीक नहीं है. वहीं दूसरी ओर चौक-चौराहों व गली मुहल्लों में चुनाव की चर्चा हो रही है. मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है. चुनाव मैदान में आने वाले लोगों का इंतजार कर रहे हैं. नामांकन चार फरवरी तक होगा. पांच फरवरी को स्क्रूटनी, छह फरवरी को नाम वापसी व सात फरवरी को चुनाव चिह्न आवंटित किया जायेगा. वहीं 23 फरवरी को चुनाव व 27 फरवरी को मतगणना होगी.
The post नामांकन के दूसरे दिन अध्यक्ष नहीं, वार्ड पार्षद के लिए एक ने किया नामांकन appeared first on Naya Vichar.

