Hot News

पंचायतों में लगा बायोमीट्रिक डिवाइस, फिर भी सचिव बना रहे हैं मैन्युअल उपस्थिति

नारायणपुर. प्रशासन पंचायती व्यवस्था को डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है. इसके तहत पंचायत भवनों में कर्मियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए बायोमीट्रिक डिवाइस लगाए गए हैं, ताकि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके. लेकिन नारायणपुर प्रखंड के पंचायत सचिव प्रशासन की इस पहल को धता बता रहे हैं. जानकारी के अनुसार, प्रखंड क्षेत्र के सभी 25 पंचायतों में बायोमीट्रिक मशीनें लगायी गयी हैं. नियम के तहत पंचायत सचिव को प्रत्येक कार्य दिवस पर सुबह 10 बजे और शाम 4 बजे पंचायत भवन में उपस्थित होकर अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होती है. इसके बावजूद अधिकांश सचिव बायोमेट्रिक प्रणाली का उपयोग नहीं कर रहे हैं और प्रखंड कार्यालय में मैन्युअल रजिस्टर के माध्यम से उपस्थिति बना रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव जानबूझकर पंचायत भवन में उपस्थित नहीं होते, जिससे उन्हें अपनी व्यक्तिगत सुविधा अनुसार काम करने की छूट मिल जाती है. इसके कारण आम लोगों को पंचायत स्तर के कार्यों के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है. मनरेगा, आवास, पेंशन, जाति एवं आय प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक योजनाओं से संबंधित कार्य सचिव की अनुपस्थिति में अटक जाते हैं. स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि सचिवों की यह कार्यशैली मनमानी और नियमविरुद्ध है. प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि पंचायत सचिव पंचायत भवन में रहकर कार्य करेंगे और लोगों को वहीं सेवा देंगे. बावजूद इसके सचिवों की जवाबदेही तय करने वाला कोई नहीं दिख रहा है. बताया गया कि पहले जो बायोमीट्रिक मशीनें लगी थीं, वे तकनीकी कारणों से निष्क्रिय हो गयी थीं. इसके बाद प्रशासन ने नए वर्जन के डिवाइस उपलब्ध कराए हैं, लेकिन फिर भी पंचायत सचिव बहानेबाजी कर रहे हैं और डिवाइस का उपयोग नहीं कर रहे. ग्रामीणों ने मांग की है कि जिला प्रशासन इस लापरवाही पर संज्ञान लेते हुए सभी पंचायत सचिवों की उपस्थिति की नियमित जांच करे तथा जो सचिव नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए. प्रशासन की डिजिटल पारदर्शिता की दिशा में यह कदम तभी सार्थक होगा, जब जमीनी स्तर पर कर्मियों की जवाबदेही तय की जाए और तकनीकी संसाधनों का सही उपयोग सुनिश्चित हो. तभी “डिजिटल पंचायत” का सपना साकार हो पाएगा. क्या कहते हैं पदाधिकारी : पंचायत भवन में लगे बायोमीट्रिक उपस्थिति से ही सचिव को अपनी उपस्थिति दर्ज करानी है. अगर ऐसा नहीं हो रहा है, तो इसकी जांच होगी. – पानसोर मरांडी, बीपीआरओ, नारायणपुर.

डिस्क्लेमर: यह नया विचार समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे नया विचार डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

The post पंचायतों में लगा बायोमीट्रिक डिवाइस, फिर भी सचिव बना रहे हैं मैन्युअल उपस्थिति appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top