Encounter In Bihar: बुधवार की सुबह पटना में कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ सूर्या डॉन का पुलिस ने एनकाउंटर किया. मामला गायघाट इलाके का है. अपराधी को पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एनएमसीएच में एडमिट कराया गया है. जानकारी के मुताबिक, सूर्या डॉन पर डकैती, लूट, चोरी, अवैध हथियार रखने समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
तीन राउंड हुई फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ को सूचना मिली थी कि सूर्या डॉन गायघाट इलाके में छिपा है. सूचना पर ही एसटीएफ और पटना पुलिस ने उसे घेर लिया. इस दौरान लगभग तीन राउंड फायरिंग हुई. सूर्या डॉन के पैर में गोली लगी. सूर्या डॉन खाजेकला थाना इलाके का रहने वाला है. घटना के बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान भी चलाया गया. सुबह-सुबह एनकाउंटर से आस-पास के लोगों के बीच दहशत का माहौल कायम हो गया है.
मामले को लेकर पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस की ओर से मामले को लेकर बताया गया कि, कई आपराधिक मामले सूर्या डॉन पर दर्ज हैं. आलमगंज थाना को सूचना मिली थी कि गायघाट के पास सूर्या डॉन नाविक से रंगदारी वसूलने पहुंचा है. इस सूचना के बाद ही आलमगंज थाना की पुलिस और एसटीएफ मौके पर पहुंची. पुलिस से घिरता देख अपराधी सूर्या डॉन ने पुलिस पर ही फायरिंग करनी शुरू कर दी.
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की तरफ से भी गोली चलाई गई. इस दौरान सूर्या डॉन के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. मौके से देसी कट्टा और गोली भी बरामद किया गया. एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया. जानकारी के मुताबिक, नए साल में पुलिस ने यह पांचवां एनकाउंटर किया है.
Also Read: ‘पुलिस पर भरोसा नहीं, मेरी हत्या हो सकती है’, कोर्ट में पप्पू यादव ने जज के सामने किया रिक्वेस्ट
The post पटना में कुख्यात अपराधी का एनकाउंटर, सूर्या डॉन को पुलिस ने मारी गोली appeared first on Naya Vichar.