Palamu Cirme: झारखंड के पलामू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. छतरपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव में दामाद ने चाकू से हमला कर अपने ससुर की हत्या कर दी, जबकि पत्नी, साली और एक अन्य ससुर को गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है.
गुरुवार रात 10 बजे की बताई जा रही है घटना
जानकारी के अनुसार, यह वारदात गुरुवार रात करीब 10 बजे की है. गम्हरिया गांव निवासी सुनील यादव पर उनके दामाद लवकुश यादव ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया. गंभीर रूप से घायल सुनील यादव को परिजन और ग्रामीणों की मदद से मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मेदिनीनगर लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
पत्नी की विदाई को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि आरोपी लवकुश यादव हैदरनगर थाना क्षेत्र के सोया बरेवा गांव का रहने वाला है. वह नशे की हालत में गम्हरिया गांव पहुंचा था. पत्नी पूजा देवी की विदाई को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया. इसी दौरान लवकुश यादव ने पूजा देवी पर चाकू से हमला कर दिया.
बचाव में आए ससुर और साली पर भी हमला
जब पूजा देवी पर हमला हुआ, तो बचाव के लिए उसके पिता सुनील यादव और बहन कविता कुमारी आगे आए. आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके अलावा, चेहरे ससुर रामस्वरूप यादव को भी चाकू मारकर जख्मी कर दिया गया.
पूजा देवी की हालत गंभीर, गले पर किया गया वार
घटना में पूजा देवी की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है. आरोप है कि आरोपी ने उसके गले पर चाकू से वार किया. बताया जा रहा है कि पूजा देवी पिछले करीब एक साल से मायके में ही रह रही थी, जिससे दोनों के बीच पहले से ही तनाव बना हुआ था.
ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया. वहां इलाज के क्रम में सुनील यादव की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है.
इसे भी पढ़ें: रांची के अंश-अंशिका के परिजन अब भी प्रशासनी मदद के इंतजार में, सीएम हेमंत का निर्देश भी बेअसर
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी लवकुश यादव की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
इसे भी पढ़ें: रांची में इंसानियत शर्मसार, 10 साल की बच्ची को रात के अंधेरे में छोड़ भाग गए मां-बाप
The post पलामू के गम्हरिया में दामाद ने चाकू से हमला कर ससुर की हत्या की, पत्नी-साली घायल appeared first on Naya Vichar.

