चंद्रमंडीह. चकाई प्रखंड में गहराते पेयजल संकट और सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर स्थानीय नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने पटना में बिहार प्रशासन के मंत्रियों से मुलाकात की. लोजपा नेता संजय मंडल के नेतृत्व में पूर्व जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजीव रंजन वर्मा ने बिहार प्रशासन के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण एवं जमुई जिले के प्रभारी मंत्री संजय सिंह तथा गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान से उनके पटना स्थित आवास पर भेंट की. मुलाकात के दौरान नेताओं ने चकाई क्षेत्र की जनसमस्याओं विशेषकर पीने के पानी की किल्लत का मामला प्रमुखता से उठाया. प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि प्रखंड के कई क्षेत्रों में नल-जल योजना के प्लांट तकनीकी कारणों या अनदेखी के चलते बंद पड़े हैं. इससे आम नागरिकों को शुद्ध पेयजल के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. राजीव रंजन वर्मा ने प्रभारी मंत्री से विशेष आग्रह किया कि विभागीय अधिकारियों को निर्देशित कर बंद पड़ी सभी नल-जल इकाइयों को युद्धस्तर पर ठीक करवाया जाये, ताकि आम जनता को राहत मिल सके. मंत्रियों ने समस्या को गंभीरता से सुनकर जल्द ही उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया. मौके पर प्रतिनिधिमंडल में अयोध्या मंडल और शिवशंकर वर्मा सहित अन्य लोग भी मौजूद थे.
The post पेयजल संकट के निदान को लेकर मंत्रियों से मिला प्रतिनिधिमंडल appeared first on Naya Vichar.

