नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – सरायरंजन प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय उदा पट्टी पूर्व टोला में सोमवार को शिक्षक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षिका कंचन कुमारी को सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं कर्मियों ने उनकी सेवाओं को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह की शुरुआत स्वागत संबोधन के साथ हुई, जिसमें प्रधान शिक्षक ने कंचन कुमारी के कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि कंचन कुमारी ने विद्यालय में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया। उनके योगदान से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूती मिली और छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस मौके पर शिक्षक शिवलाल महतो, प्रवीण कुमार सिंह राठौड़ एवं गायत्री देवी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कंचन कुमारी के सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और छात्रों के प्रति उनके स्नेह को याद करते हुए कहा कि उनका जाना विद्यालय के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
विदाई समारोह के दौरान शिक्षकों ने उन्हें अंगवस्त्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया। कंचन कुमारी ने भी अपने संबोधन में विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यहां बिताए गए पल उनके जीवन के सबसे यादगार क्षण रहेंगे। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं छात्रों के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय का माहौल भावुक हो गया और सभी ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी।