नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बखरी बुजुर्ग, वार्ड संख्या 2 में सोमवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम छात्र-छात्राओं के बीच वितरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में अभिभावकों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई। अपने बच्चों का रिजल्ट जानने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंचे और शिक्षकों से संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधान शिक्षक महेश झा एवं वरिय शिक्षिका बेबी कुमारी ने अभिभावकों को परीक्षा प्रक्रिया और परिणाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के प्रदर्शन, मूल्यांकन प्रणाली तथा पढ़ाई में सुधार के उपायों पर भी चर्चा की। शिक्षकों ने अभिभावकों को यह भी बताया कि बच्चों की नियमित उपस्थिति और घर पर पढ़ाई का माहौल उनके बेहतर परिणाम के लिए कितना महत्वपूर्ण है।
प्रधान शिक्षक महेश झा ने इस मौके पर अभिभावकों से विद्यालय के विकास के लिए सुझाव भी मांगे। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की भागीदारी से ही विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सकता है। अभिभावकों ने भी खुलकर अपने विचार रखे और बच्चों की पढ़ाई को लेकर अपनी अपेक्षाएं साझा कीं।
बैठक में शिक्षक विकास प्रभाकर, दीपक कुमार यादव एवं वर्षा रानी सहित अन्य शिक्षकों की सक्रिय उपस्थिति रही। वहीं अभिभावकों में राधाकांत झा, सुरेंद्र झा, अमित पासवान सहित दर्जनों लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और विद्यालय के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने की अपील की। इस तरह के आयोजन से विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद जताई गई।