Bihar Politics: बिहार की सियासत में लगातार उलटफेर जारी है. इस बीच राज्य के नए राज्यपाल के रूप में पूर्व सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को नियुक्त किया गया है. राष्ट्रपति भवन ने देश के कई राज्यों और केंद्र शासित राज्यों के संवैधानिक प्रमुखों की नियुक्तियों और तबादलों की लिस्ट जारी की है. सैयद अता हसनैन वर्तमान राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान की जगह लेंगे.
नंद किशोर यादव बने नागालैंड के राज्यपाल
जानकारी के मुताबिक, जनरल हसनैन को रणनीतिक मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है और उनके पास कश्मीर जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में काम करने का व्यापक अनुभव है. दूसरी तरफ बिहार भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. नंद किशोर यादव पटना साहिब से कई बार विधायक रह चुके हैं. इसके साथ ही बिहार की नेतृत्व में उनका काफी लंबा सफर रहा है.
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर नंद किशोर यादव को बधाई भी दी. सम्राट चौधरी ने लिखा, ‘वरिष्ठ भाजपा नेता नंद किशोर यादव जी को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई और असंख्य शुभकामनाएं. आपका अनुभव और कौशलपूर्ण व्यवहार निश्चित ही राज्यपाल की भूमिका में अनुकरणीय होगा.’

इन राज्यों के भी राज्यपाल बदले
तबादले की लिस्ट की माने तो, तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को अब महाराष्ट्र का कार्यभार सौंपा गया है. वर्मा त्रिपुरा के पूर्व उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं और राज्य के शाही परिवार से ताल्लुक रखते हैं. हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रहे शिव प्रताप शुक्ला को अब तेलंगाना भेजा गया है. केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को अब तमिलनाडु के राज्यपाल के कार्यों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
लद्दाख के उपराज्यपाल रहे कविंदर गुप्ता को अब हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. उन्होंने शिव प्रताप शुक्ला का स्थान लिया है, जिन्हें तेलंगाना भेजा गया है. दिल्ली के उपराज्यपाल रहे विनय कुमार सक्सेना को अब लद्दाख का नया उपराज्यपाल बनाया गया है. उन्होंने कविंदर गुप्ता का स्थान लिया है.

Also Read: Advocate Rakesh Kumar Singh: नीतीश कुमार का राज्यसभा रुख, क्या बिहार में बीजेपी का होगा मुख्यमंत्री?
The post बिहार के नए गवर्नर बने सैयद अता हसनैन, नंद किशोर यादव को मिली नागालैंड की जिम्मेदारी appeared first on Naya Vichar.

