नया विचार न्यूज़ पटना।माननीय मंत्री श्री नितिन नवीन जी द्वारा बुधवार को औंटा-सिमरिया सिक्स लेन केबल ब्रिज का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि राज्य के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए औंटा-सिमरिया सिक्स लेन महासेतु का निर्माण पूरा हो चुका है। गंगा नदी पर बने इस भव्य पुल की लंबाई 1.865 किलोमीटर तथा एप्रोच रोड सहित कुल लंबाई 8.150 किलोमीटर है। 1871 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव लाने जा रहा है। साथ ही यह पुल पूर्वोत्तर राज्यों तक संपर्क को और मजबूत करेगा जिससे उद्योग एवं व्यापार को विशेष लाभ मिलेगा।
मंत्री श्री नितिन नवीन ने कहा कि यह सिक्स लेन महासेतु मोकामा के औंट घाट और बेगूसराय के सिमरिया को जोड़ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी 22 अगस्त को इस पुल का लोकार्पण करेंगे। इससे पूर्व सितंबर 2024 में माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने इसका निरीक्षण किया था। यह पुल 34 मीटर की चौड़ाई के साथ एशिया का सबसे चौड़ा ब्रिज है। यह 18 पिलरों पर आधारित है और दोनों ओर 3-3 लेन की सड़क है। औंटा की ओर 100 मीटर चौड़ा रोटरी (जीरो माइल) तथा सिमरिया की ओर 80 मीटर चौड़ा रोटरी बनाकर उसे पार्क का स्वरूप दिया गया है। इन पार्कों और पुल के आसपास हरियाली के लिए पौधारोपण किया गया है जिससे वातावरण को सुंदर और हरा-भरा बनाया गया है।
मंत्री जी ने बताया कि इस परियोजना में कई आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। रेलवे लाइन के अंदर Push Box Method से RUB का निर्माण किया गया जिससे यातायात बाधित नहीं हुआ। पुल की लोडिंग कैपेसिटी को मजबूत करने हेतु ऊपर से पाइलिंग का कार्य किया गया है। ROB के रिटेनिंग वॉल में बोल्डर क्रेटेड Gabbion Wall का निर्माण किया गया है। साथ ही PVD (Perforated Vertical Drain) तकनीक का उपयोग कर जलोढ़ मिट्टी की मजबूती सुनिश्चित की गई है।
मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि पुराने राजेंद्र प्रसाद पुल की मरम्मत भी समानांतर रूप से की जा रही है। इसके लिए NHAI ने रेलवे को 85 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई है और आगामी तीन महीनों में मरम्मती कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 1956 में हिंदुस्तान के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बिहार के पहले गंगा पुल राजेंद्र प्रसाद पुल का शिलान्यास किया था। उसके बाद बिहार के लिए एक नए युग की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने 2015 में विशेष पैकेज की घोषणा कर की। इसी पैकेज के अंतर्गत इस सिक्स लेन महासेतु का निर्माण कराया गया। 2017 में मोकामा में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी ने इसका शिलान्यास किया था और अब यह सपना साकार हो रहा है।
मंत्री श्री नितिन नवीन ने कहा कि “यह महासेतु केवल एक पुल नहीं, बल्कि बिहार की आकांक्षाओं और विकास का नया द्वार है। यह आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार, उद्योग और प्रगति का मार्ग प्रशस्त करेगा। प्रधानमंत्री जी का यह उपहार बिहार के विकास को नई ऊँचाई देगा।”

