झाझा . थानाक्षेत्र की हथिया पंचायत अंतर्गत पांडेयडीह गांव निवासी एक बुजुर्ग स्त्री की कैनरा बैंक हथिया शाखा स्थित खाते से अवैध रूप से 92 हजार रुपये की निकासी करने का मामला सामने आया है. पीड़िता उपेंद्र पांडेय की पत्नी सत्यभामा देवी ने बैंक शाखा व झाझा थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. खाताधारक के पुत्र संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि उनकी मां के खाते से अलग-अलग तिथियों में कुल 92 हजार रुपये निकाल लिये गये हैं. उन्होंने बताया कि 15 मई 2025 को वह अपनी मां के साथ रुपये निकालने बैंक पहुंचे थे, जहां हस्ताक्षर नहीं होने की बात कहकर बैंक के गार्ड ने एक युवक से संपर्क कराया. उसी युवक के सहयोग से 5 हजार रुपये की निकासी करायी गयी. उस समय किसी तरह का संदेह नहीं हुआ. इसके बाद मंगलवार को उनके माता-पिता 30 हजार रुपये निकालने बैंक पहुंचे, जहां जानकारी मिली कि 22 मई 2025 से विभिन्न तिथियों में खाते से 92 हजार रुपये की निकासी हो चुकी है. उन्होंने बताया कि खाता मोबाइल नंबर से लिंक नहीं था, जिस कारण किसी प्रकार का मैसेज या अलर्ट नहीं मिला और लंबे समय तक निकासी की जानकारी नहीं हो सकी. इधर, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी राजेश कुमार को जांच के लिए बैंक भेजा गया है. बैंक स्टेटमेंट एवं सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह नया विचार समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे नया विचार डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
The post बुजुर्ग स्त्री के खाते से 92 हजार की अवैध निकासी, जांच शुरू appeared first on Naya Vichar.

