विनय कुमार मिश्र,
सोनो प्रखंड अंतर्गत लालीलेबार पंचायत के गंडा गांव स्थित प्रसिद्ध ब्रह्म बाबा मंदिर में सोमवार को बाबा का वार्षिक पूजनोत्सव बड़े ही धूमधाम से प्रारंभ हुआ. इस अवसर पर मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा. वार्षिक पूजा के दौरान भक्ति और श्रद्धा से सराबोर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा को जल अर्पित कर पूजा किया और माथा टेक कर अपने और परिवार सदस्यों के सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की. आसपास के दर्जनों गांव व दूर दराज से बड़ी संख्या में आए श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर बाबा के समक्ष माथा टेका और अपने परिवार की कुशलता की कामना की. सोमवार को पूजा के दौरान ब्रह्म बाबा के जयकारे से पूरा इलाका गूंजता रहा. सोमवार को वार्षिक पूजनोत्सव के दौरान मंदिर प्रांगण में पूरे विधि विधान से ध्वजारोपण हुआ और उसके साथ ही पूजा प्रारंभ हुआ. इस अवसर पर मिन्नत पूरी होने पर भक्तों की ओर से सैकड़ों ध्वज का रोपण किया गया. साथ ही बड़ी संख्या में मुंडन संस्कार का भी आयोजन हुआ. पूजा के बाद बड़ी संख्या में ब्राह्मणों को भोजन कराया गया जिसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. इस बीच मंदिर प्रांगण में भजन कीर्तन चलता रहा. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से यहां लगने वाले मेला का भी लोगों ने लुत्फ उठाया. पूजा समिति की ओर से काफी बेहतर इंतजाम किया गया था. रात्रि में भक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा जबकि मंगलवार को पूजनोत्सव के दूसरे चरण में बड़ी संख्या में बकरे की बलि ब्रह्म पिशाच को दी जायेगी. मंगलवार दोपहर बाद दो दिवसीय मेला और पूजनोत्सव का समापन होगा.
डिस्क्लेमर: यह नया विचार समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे नया विचार डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
The post ब्रह्म बाबा के वार्षिक पूजनोत्सव में उमड़ा भक्तों का सैलाब appeared first on Naya Vichar.

