Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि पावन पर्व शिवभक्तों के लिए बेहद खास होता है. महादेव की कृपा पाने के लिए कई श्रद्धालु इस दिन व्रत रखते हैं, जो न केवल मन की शांति बल्कि शरीर को शुद्ध करने के लिए भी बेहतरीन माना जाता है. हालांकि, व्रत का पूर्ण फल तभी मिलता है जब हम शुद्धता और खान-पान के नियमों का सही पालन करें. यदि आप इस महाशिवरात्रि व्रत रखने वाले हैं, तो पूजा के दिन से पहले जान लें कि इस दिन किन चीजों का सेवन करना चाहिए और किन चीजों से दूरी बनानी चाहिए.
महाशिवरात्रि व्रत के प्रकार
हर व्यक्ति की परंपरा और आस्था के अनुसार व्रत रखने का तरीका अलग होता है. आमतौर पर तीन प्रकार के व्रत लोग करते हैं—
निर्जला व्रत: इस उपवास में पूरे दिन और रात भक्त भोजन और पानी ग्रहण नहीं करता है. इसलिए इसे सबसे कठिन व्रत माना जाता है.
फलाहार व्रत: इसमें फल, मेवे, दूध और ड्राई फ्रूट्स का सेवन किया जा सकता है. तामसिक चीजों का सेवन वर्जित होता है. यह सबसे ज्यादा प्रचलित व्रत है.
सात्विक आहार व्रत: इसमें अनाज रहित भोजन किया जाता है, जैसे साबूदाना, सिंघाड़े का आटा, कुट्टू की रोटी, आलू और मूंगफली आदि.
महाशिवरात्रि व्रत के समय क्या खाना चाहिए?
व्रत के दौरान शरीर को ऊर्जा की जरूरत होती है, इसलिए पोषक चीजों का सेवन जरूरी है.
जूस और पानी: व्रत के दिन लोग सुबह से पूजा की तैयारी में लगे रहते हैं, इसलिए शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है. नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी, फलों का जूस और दूध पीना फायदेमंद होता है. इससे शरीर में ऊर्जा बनी रहती है.
फल और ड्राई फ्रूट्स: इस दिन केला, सेब, पपीता, अनार, खजूर, बादाम और अखरोट जैसे फलों व मेवों का सेवन किया जा सकता है.
साबूदाना और सामा चावल: महाशिवरात्रि के दिन साबूदाना खिचड़ी, कुट्टू की रोटी और सामा चावल से बने व्यंजन खाने चाहिए. ये पौष्टिक होते हैं और आसानी से पच जाते हैं.
मखाना और मूंगफली: मखाना और मूंगफली दोनों स्वास्थ्य के लिए अच्छे माने जाते हैं. ये शरीर को ऊर्जा देते हैं और पेट को भारी नहीं करते, जिससे आप पूरे दिन सक्रिय महसूस करते हैं.
सिंघाड़े और राजगिरा का आटा: सिंघाड़े और राजगिरा के आटे से बनी पूड़ी, पराठा या हलवा व्रत में खाना सेहत के लिए अच्छा माना जाता है.
महाशिवरात्रि व्रत में क्या नहीं खाना चाहिए?
सामान्य नमक: व्रत में साधारण नमक का सेवन वर्जित माना जाता है. केवल सेंधा नमक का उपयोग करें.
अनाज और दालें: व्रत के दिन चावल, गेहूं, मक्का, दाल और बेसन जैसे अनाज का सेवन नहीं करना चाहिए.
प्याज और लहसुन: यह तामसिक भोजन की श्रेणी में आते हैं, इसलिए इनका सेवन व्रत में नहीं करना चाहिए.
मसालेदार और तली चीजें: ज्यादा तली-भुनी चीजें जैसे पकौड़े या चिप्स खाने से पेट भारी हो सकता है और ध्यान केंद्रित करने में परेशानी हो सकती है.
कैफीन और शराब: व्रत के दिन चाय, कॉफी और शराब का सेवन नहीं करना चाहिए. इसे अशुभ माना जाता है और इससे शरीर में असंतुलन पैदा हो सकता है.
जन्मकुंडली, वास्तु तथा व्रत-त्योहार से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए नीचे दिए गए नंबर पर संपर्क कर सकते हैं.
ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा
ज्योतिष, वास्तु एवं रत्न विशेषज्ञ
8080426594 / 9545290847
यह भी पढ़ें: Mahashivratri 2026 Date: महाशिवरात्रि 2026 पर चार पहर पूजा का सबसे श्रेष्ठ समय, जानें चतुर्दशी तिथि, शुभ मुहूर्त और शिवलिंग का विशेष पूजन विधि
The post महाशिवरात्रि व्रत: उपवास में क्या खाएं और क्या नहीं? जानें जरूरी नियम appeared first on Naya Vichar.

