रामदुलार पंडा
Bokaro: बोकारो जिले के महुआटांड़ क्षेत्र में हाथियों का आतंक अब भयावह रूप ले चुका है. बड़कीपुन्नू के करमाली टोला की घटना के अभी कुछ घंटे हुए थे कि शुक्रवार की रात करीब सवा आठ बजे हाथियों ने गांगपुर(महुआटांड़) में दादा और पोते की जान ले ली. वहीं, दो और बच्चों सहित एक स्त्री गंभीर रूप से घायल है. जानकारी के मुताबिक, हाथियों ने सोमर साव (50 वर्ष) और इसके 5 वर्षीय पोता अमन कुमार को मार डाला है. जबकि, मृतक सोमर की पोती राशि कुमारी (11 वर्ष), नाती राहुल कुमार (7 वर्ष) और समधन शांति देवी (60 वर्ष) को भी हाथियों ने निशाना बनाया है. ये तीनों गंभीर रूप से जख्मी हैं और एंबुलेंस की सहायता से सभी को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया है.
वन विभाग की टीम ने हाथियों को खदेड़ा
पड़ोसी बता रहे हैं कि घटना के समय गांव में बिजली नहीं थी. सोमर अपने घर से सटे एक पेड़ के पास थे कि वहां हाथी पहुंच गये. कई हाथी सोमर को पटकते पटकते उसके घर के पास तक ले गए, जहां उसके पोता, पोती, नाती और समधन थे. हाथियों ने सभी पर हमला कर दिया. इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. ग्रामीण अब बेबस नजर आ रहे हैं. हालांकि, हाथियों को खदेड़ने के कार्य में जुटी वन विभाग का क्यूआरटी दल भी तुरंत पहुंचा और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने में लग गया, लेकिन तब तक हाथी इस बड़ी घटना को अंजाम दे चुके थे.
बड़कीपुन्नू में एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों को उतारा था मौत के घाट
बीते गुरुवार की तड़के सुबह इसी हाथियों के झुंड ने बड़कीपुन्नू के करमाली टोला में एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों गांगो करमाली, कमली देवी और भगिया देवी को मौत के घाट उतार दिया था. इस घटना के महज 40 घंटे के भीतर हाथियों ने गांगपुर में दूसरी बड़ी घटना को अंजाम दे दिया. जिससे क्षेत्र में खौफ और आक्रोश दोनों व्याप्त है.
ये भी पढ़ें…
जुड़वा शिशु के कारण रद्द हुआ एक और नामांकन, आदित्यपुर वार्ड 24 से पार्षद प्रत्याशी अभी मुखी को झटका
31 जनवरी से गायब हैं जयनगर के 10 बिरहोर शिशु, पुलिस ने तेज की तलाश
The post महुआटांड़ के गांगपुर में हाथियों ने दादा-पोते की ली जान, परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल appeared first on Naya Vichar.
