Sugar Free Apple Kheer Recipe: मीठा खाना शायद ही ऐसा कोई हो जिसे पसंद न हो. लेकिन अक्सर हम अपने मन को इसलिए समझा लेते हैं, क्योंकि ज्यादातर मीठी चीजें किसी न किसी तरह से हमारी सेहत को नुकसान पहुंचाती हैं. आज की यह डिश उन सभी लोगों के लिए है, जिन्हें मीठा खाना तो पसंद है, लेकिन सेहत का ध्यान रखते हुए वे मिठाइयों से दूरी बना लेते हैं. आज हम आपको शुगर फ्री एप्पल खीर बनाने की आसान रेसिपी बताने जा रहे हैं. एप्पल से बनी इस खीर की खासियत यह है कि यह स्वाद में तो लाजवाब होती ही है, साथ ही एप्पल की नेचुरल मिठास इसे हेल्दी भी बना देती है. अगर आपको डायबिटीज की समस्या है, तो भी आप इसे सीमित मात्रा में आराम से एन्जॉय कर सकते हैं. तो चलिए जानते हैं शुगर फ्री एप्पल खीर बनाने की आसान रेसिपी.
शुगर फ्री एप्पल खीर बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 2 मीडियम साइज के मीठे एप्पल
- 1 लीटर फुल क्रीम या टोंड मिल्क
- 4 से 5 काजू बारीक कटे हुए
- 4 से 5 बादाम अच्छे से कटे हुए
- आधी छोटी चम्मच इलायची पाउडर
- 1 छोटी चम्मच किशमिश
- आधी छोटी चम्मच घी
यह भी पढ़ें: लंच बॉक्स और स्नैक टाइम के लिए परफेक्ट रागी चॉकलेट ब्राउनी, स्वाद और न्यूट्रिशन का परफेक्ट कॉम्बिनेशन
शुगर फ्री एप्पल खीर बनाने की आसान रेसिपी
- शुगर फ्री एप्पल खीर बनाने के लिए सबसे पहले एप्पल को धोकर छील लें और कद्दूकस कर लें. इस बात का ख्याल रखें कि एप्पल ज्यादा खट्टे न हों, वरना खीर का स्वाद बिगड़ सकता है.
- इसके बाद एक भारी तले के बर्तन में दूध को उबालें और जब दूध में उबाल आ जाए, तो आंच धीमी कर दें और इसे थोड़ा गाढ़ा होने दें. वहीं, दूसरी ओर एक पैन में हल्का सा घी गर्म करके उसमें कद्दूकस किया हुआ एप्पल डालकर 2 से 3 मिनट तक पकाएं. इससे एप्पल का कच्चापन खत्म हो जाएगा और उसकी मिठास बाहर आ जाएगी.
- इसके बाद इस एप्पल को उबलते हुए दूध में डाल दें और अच्छे से मिक्स करें. इसके बाद इसमें कटे हुए काजू, बादाम और किशमिश डालें और खीर को धीमी आंच पर 8 से 10 मिनट तक पकने दें. अंत में इलायची पाउडर डालकर गैस बंद कर दें.
- आपकी बिना चीनी वाली एप्पल खीर तैयार है और आप इसे हल्का ठंडा या गर्म दोनों तरह से एन्जॉय कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: बचे हुए चावल और दही से मिनटों में बनाएं सुपर टेस्टी और क्रिस्पी कटलेट, टिफिन के लिए परफेक्ट रेसिपी
The post मीठा खाने की क्रेविंग शांत करेगी शुगर फ्री एप्पल खीर, डायबिटीज और हेल्थ कॉन्शियस लोगों के लिए परफेक्ट डेजर्ट appeared first on Naya Vichar.
