नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। सरायरंजन प्रखंड के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत मुसरीघरारी के वार्ड संख्या 4 में गुरुवार दोपहर अचानक लगी आग से दो परिवारों का सब कुछ जलकर राख हो गया। इस हादसे में पीड़ित परिवारों के घर, कपड़े, बर्तन, जरूरी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड और राशन कार्ड सहित सभी सामान नष्ट हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभु पासवान पिता स्वर्गीय नेगर पासवान के घर में आग लगी, जिससे उनका आवासीय हिस्सा पूरी तरह जल गया। घर के सामने स्थित उनकी छोटी दुकान भी आग की चपेट में आ गई और उसमें रखा सारा सामान जलकर खत्म हो गया। वहीं दूसरी पीड़िता रसिया देवी पति स्वर्गीय दुक्खन पासवान का झोपड़ीनुमा घर भी आग से पूरी तरह नष्ट हो गया। उनके पास बचाने लायक कोई सामान नहीं बच पाया।
आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना के समय किसी भी घर में खाना नहीं बन रहा था। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि सड़क किनारे स्थित घरों के पास किसी राहगीर द्वारा फेंकी गई सिगरेट या बीड़ी से आग लगी हो सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि फलिंदर राम, अमर कुमार, रमेश राय और मोहम्मद अजमल ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन विभाग और मुसरीघरारी थाना को जानकारी दी। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। बाद में पहुंची दमकल की टीम ने भी आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
घटना की जानकारी अंचलाधिकारी निशांत कुमार को दी गई। उन्होंने संबंधित कर्मियों को मौके पर भेजकर पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द प्रशासनी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।