नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। प्रखंड के मुसरीघरारी चौक पर मॉडिफाइड मोटरसाइकिलों और तेज आवाज वाले साइलेंसर की बढ़ती शिकायतों के बीच प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार की शाम ट्रैफिक डीएसपी आशीष राज के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत एक गैराज में छापेमारी कर दो मॉडिफाइड बाइक जब्त की गईं।
जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक डीएसपी अपनी टीम के साथ मुसरीघरारी स्थित “शर्मा ऑटो स्पेयर” नामक मोटरसाइकिल गैराज पहुंचे, जहां अवैध रूप से बाइक मॉडिफिकेशन और साइलेंसर बदलने की शिकायतें मिल रही थीं। गैराज के संचालक इंद्र कुमार उर्फ छोटू बताए जा रहे हैं।
छापेमारी के दौरान मौके से कई ऐसे संकेत मिले, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यहां बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलों को मॉडिफाई किया जाता था। जांच के दौरान दो ऐसी बाइक बरामद की गईं, जिनमें तेज आवाज करने वाले साइलेंसर लगे थे और उन पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि ताजपुर-बख्तियारपुर फोर लेन पर स्टंट वीडियो बनाने और तेज आवाज वाले साइलेंसर से आम लोगों को परेशानी हो रही थी, जिसे देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
ट्रैफिक डीएसपी आशीष राज ने बताया कि सभी वाहनों की विधिवत जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों में अवैध बदलाव न करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाया जा सके।