एक्टर और कॉमेडियन राजपाल यादव ने हाल ही में मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर जानकारी दी. 9 करोड़ के लोन मामले में जमानत मिलने के कुछ दिनों बाद उन्होंने मीडिया से खुलकर बातचीत की. इस दौरान उनके साथ उनके वकील भास्कर उपाध्याय भी मौजूद थे. राजपाल ने बताया कि आने वाले सात सालों में उनके पास लगभग 1200 करोड़ के ब्रांडिंग प्रोजेक्ट्स हैं.
सात साल में 1200 करोड़ के ब्रांडिंग प्रोजेक्ट्स
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजपाल यादव ने बताया, “अगले 7 सालों में मेरे पास 1200 करोड़ के ब्रांडिंग प्रोजेक्ट्स हैं. मैंने 4 एग्रीमेंट साइन किए हैं, जिनमें फिल्में शामिल नहीं हैं. इनमें से कुछ प्रोजेक्ट्स की कीमत 200 करोड़ है तो कुछ 2000 करोड़ तक के हैं. इनसे होने वाली कमाई फीस और प्रोजेक्ट्स में हिस्सेदारी (इक्विटी) दोनों का मिश्रण है. इसके अलावा मेरी 10 फिल्में भी आने वाली हैं.”
राजपाल यादव ने समर्थकों को कहा शुक्रिया
राजपाल यादव ने लोगों से मिले सपोर्ट को लेकर कहा, “पिछले 20 दिनों में मुझे बच्चों की गुल्लक से लेकर सोशल मीडिया के जरिए 1 करोड़ तक की मदद मिली है, और भी बहुत कुछ मिला. मैं सबको धन्यवाद देने के लिए एक बयान जारी करूंगा. 4-5 लोगों का नाम मैं खास तौर पर लेना चाहता हूं. साथ ही मैं उन लोगों का भी आभार जताना चाहता हूं जो गुमनाम रहना चाहते हैं. मैं उनकी सहानुभूति के लिए उनका धन्यवाद करता हूं, लेकिन उनसे उनके बैंक डिटेल्स भी मांगना चाहता हूं. मुझे थोड़ा समय दीजिए, मैं सबका पैसा सम्मान के साथ लौटा दूंगा. हालांकि, देशभर के उन बच्चों का कर्ज मैं कभी नहीं चुका पाऊंगा, जिन्होंने मुश्किल समय में मेरा साथ दिया.”
‘राजा हमेशा राजा ही होता है…’
अपने फैंस के प्यार को ऐसा कर्ज बताते हुए जिसे वह जिंदगी भर भी पूरी तरह नहीं चुका सकते, राजपाल यादव ने कहा कि उन्होंने साल 2035 तक की पूरी योजना बना रखी है. एक्टर ने कहा, “राजपाल यादव कभी डूबा नहीं था, बस थोड़ा उलझा हुआ था. मैं पहले भी राजा था, आज भी राजा हूं और आगे भी राजा ही रहूंगा. राजा चाहे जेल में हो या जंगल में, राजा हमेशा राजा ही होता है.”
यह भी पढ़ें- रश्मिका-विजय की शादी की इनसाइड तस्वीरें, शाही तलवार और श्री यंत्र की झलक
The post राजपाल यादव ने गिनाए करोड़ों के प्रोजेक्ट्स, कहा- राजा था, राजा हूं appeared first on Naya Vichar.

