Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 5 जून को अपने 53वें जन्मदिन के अवसर पर अयोध्या पहुंचेंगे. इस दौरान राम मंदिर के प्रथम तल पर स्थापित हो रहे राम दरबार समेत अन्य विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होंगे. वे इस समारोह के मुख्य यजमान होंगे और मूर्तियों के नेत्रोन्मिलन की विधि भी सम्पन्न करेंगे.
तैयारियां जोरो-शोरों से जारी
राम मंदिर के प्रथम तल पर राम दरबार की स्थापना का कार्य अपने निर्णायक चरण में पहुंच गया है. इस पावन अवसर के लिए मंदिर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं. एक सुसज्जित छोटा लेकिन भव्य पंडाल भी तैयार किया गया है, जहां प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित होगा.
यह भी पढ़ें- इस दिन से थमेगी बारिश, फिर लौटेगी उमस भरी गर्मी, यूपी में सताएगा तपता जून
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
समारोह को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे और मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव ने पूरी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया है. मंदिर परिसर को अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों से सुरक्षित किया गया है. इसके अलावा, ATS, CISF, PAC और सिविल पुलिस के जवानों की टीमें तैनात की गई हैं. प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है, जिससे कार्यक्रम में कोई चूक न हो.
सीएम योगी जाएंगे हनुमान गढ़ी
सीएम योगी अयोध्या दौरे के दौरान हनुमान गढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद मणिराम दास की छावनी जाएंगे, जहां वे महंत नृत्यगोपाल दास के जन्मोत्सव समारोह में भी हिस्सा लेंगे. इसी दिन वे सरयू महोत्सव का उद्घाटन भी करेंगे.
‘सीएम योगी ने कलियुग में निभाई वशिष्ठ जी की भूमिका’
सरयू महोत्सव के आयोजक और आंजनेय सेवा संस्थान के अध्यक्ष शशिकांत दास ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने प्रभु श्रीराम को टाट से निकालकर भव्य मंदिर में विराजमान कराया है. उन्होंने कहा कि त्रेतायुग में वशिष्ठ जी ने श्रीराम का राजतिलक किया था और अब कलियुग में योगी महाराज वही भूमिका निभा रहे हैं.
The post राम दरबार की भव्य प्रतिष्ठा के साक्षी बनेंगे सीएम योगी, 53वें जन्मदिन पर पहुंचेंगे अयोध्या appeared first on Naya Vichar.

