नया विचार न्यूज़ सरायरंजन: प्रखंड अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय अख्तियारपुर में विद्यालय प्रबंधन समिति के नए अध्यक्ष के स्वागत एवं निवर्तमान अध्यक्ष की विदाई के अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया।
इस समारोह में विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में नए अध्यक्ष चन्द्र नारायण झा का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वहीं निवर्तमान अध्यक्ष सदानंद झा को भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए प्रधानाध्यापिका डॉ. सीमा कुमारी ने कहा कि किसी भी संस्था में नए अध्यक्ष का आगमन खुशी का विषय होता है, वहीं निवर्तमान अध्यक्ष का जाना विद्यालय परिवार के लिए एक भावुक क्षण होता है। उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके द्वारा किए गए योगदान को याद किया।
उन्होंने कहा कि निवर्तमान अध्यक्ष ने अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए विद्यालय, शिक्षकों एवं छात्रों के हित में कई सराहनीय कार्य किए, जिससे विद्यालय की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान मिला। इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए और निवर्तमान अध्यक्ष के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही नए अध्यक्ष के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान नए अध्यक्ष का डॉ. सीमा कुमारी ने फूल-माला एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया तथा निवर्तमान अध्यक्ष को भी फूल-माला अंगवस्त्र प्रदान कर विदाई दी गई। कार्यक्रम का संचालन रितेश कुमार के द्वारा और धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय प्रधान डॉ. सीमा कुमारी के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के विकास एवं छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी ने मिलकर निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक भगवान सिंह , विद्यालय के वरीय शिक्षक विनय कुमार ठाकुर, कुंदन कुमार, रामनंदन शर्मा, संजीव कुमार सिंह,अर्चना कुमारी, श्वेता कुमारी, ऋतुराज सिंह, बेबी सुरुचि कुमारी, राज कुमार , संतोष कुमार, मुरारी पंडित, गायत्रि प्रतिभा आदि मौजूद रहे।