विश्व कैंसर दिवस के मौके पर यूनाइटेड बाय यूनिक थीम के तहत सवेरा कैंसर हॉस्पिटल, पटना ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजिकल सोसाइटी और पोस्ट मेनोपॉज़ल सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में कैंसर जागरूकता एवं निशुल्क ब्रेस्ट कैंसर की जांच के लिए हेतु मैमोग्राफी और सर्वाइकल कैंसर की जांच कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें 50 से अधिक स्त्रीओं ने स्क्रीनिंग का लाभ उठाया. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुशवाहा शामिल हुए. उन्होंने जनसमूह को संबोधित करते हुए सवेरा कैंसर अस्पताल की ओर से निरंतर आयोजित किए जा रहे कैंसर जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की. इस अवसर पर आयोजित जागरूकता सत्र में विशेषज्ञों द्वारा कैंसर के शुरुआती लक्षणों, नियमित जांच के महत्व, स्त्रीओं के समग्र स्वास्थ्य तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव में एचपीवी वैक्सीन की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई.
कैंसर के खिलाफ जागरुकता जरुरी- डॉ. वीपी सिंह
सवेरा कैंसर अस्पताल के निदेशक एवं वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. वी. पी. सिंह ने विश्व कैंसर दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए समाज के हर वर्ग तक जागरूकता पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने सवेरा कैंसर हॉस्पिटल की “सवेरा चला गाँव की ओर” की मुहीम के बारे में बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क/सुलभ जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि दूरदराज़ के लोगों को भी समय रहते कैंसर की पहचान और उपचार मिल सके.
नियमित स्क्रीनिंग बेहद जरूरी- डॉ. राहुल चौधरी
डॉ. राहुल चौधरी ने कैंसर की अर्ली डिटेक्शन और स्त्रीओं के स्वास्थ्य पर चर्चा करते हुए कहा कि नियमित स्क्रीनिंग अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने बताया कि समय-समय पर जांच कराने से ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का शुरुआती अवस्था में ही पता लगाया जा सकता है, जिससे उपचार न केवल आसान होता है बल्कि उसके सफल होने की संभावना भी काफी बढ़ जाती है.
डॉ. निभा मोहन ने दी एचपीवी वैक्सीन की जानकारी
डॉ. निभा मोहन ने अपने संबोधन में सर्वाइकल कैंसर से बचाव में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन की अहम भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण एचपीवी संक्रमण होता है और समय पर एचपीवी वैक्सीनेशन इस संक्रमण से प्रभावी रूप से सुरक्षा प्रदान करता है. इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. आर. एन. सिंह, डॉ. आकाश, डॉ. अविनाश पांडे, डॉ. विशाल, डॉ. प्रतीक आनंद, डॉ. अनीता, डॉ. अमृता,डॉ. शाम्भवी, डॉ. संजय, रोटरी के सदस्य, तीरथ स्त्री मंडल, एवं अन्य संस्था के लोग उपस्थित थे.
The post विश्व कैंसर दिवस: सवेरा कैंसर अस्पताल की ओर से 50 से अधिक स्त्रीओं का निशुल्क मेमोग्राफी और पेपस्मीयर, कैंसर से बचाव की अपील appeared first on Naya Vichar.
