नया विचार न्यूज समस्तीपुर – विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज समस्तीपुर मंडल में एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (मरेप्र) श्री विनय श्रीवास्तव ने स्वयं वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत मंडल परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के छायादार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया। श्री विनय श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा, “प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण देने के लिए वृक्षारोपण अनिवार्य है। इस प्रकार के आयोजनों से जनमानस में पर्यावरण के प्रति जागरूकता आती है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन होता है।”कार्यक्रम में मंडल के अन्य अधिकारी, कर्मचारी तथा रेलवे परिवार के सदस्यों ने भी भाग लिया और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझाते हुए यह प्रेरित किया गया कि वे न केवल पौधे लगाएं, बल्कि उनका संरक्षण भी सुनिश्चित करें।