प्रतिनिधि, नारायणपुर. प्रखंड क्षेत्र के दक्षिणीनीडीह मोड़ से मीरगा (रूपडीह) तक जर्जर सड़क मरम्मत न होने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है. करीब छह माह पूर्व राज्य के मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने इस सड़क की मरम्मत कार्य का शिलान्यास किया था. शिलान्यास के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को यह उम्मीद जगी थी कि वर्षों से बदहाल इस सड़क का कायाकल्प जल्द होगा, लेकिन छह माह बीत जाने के बावजूद अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है. दक्षिणीनीडीह मोड़ से मीरगा तक सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है. जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई गिट्टियां और बरसात के दिनों में कीचड़ के कारण इस मार्ग पर चलना मुश्किल हो जाता है. रोजाना इस सड़क से स्कूली शिशु, किसान, मजदूर, मरीज और व्यवसायी आवाजाही करते हैं. सड़क की बदहाली के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहीं आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य वाहनों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. जानकारी के अनुसार, शिलान्यास के बाद विभागीय स्तर पर भूमि से संबंधित विवाद सामने आने की बात कही जा रही है, जिसके कारण कार्य रुका हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि जब यह सड़क पहले से बनी हुई है, तो अब भूमि विवाद कहां से उत्पन्न हो गयी, यह समझ से परे है. लोगों का आरोप है कि इस तरह के बहाने बनाकर कार्य को जानबूझकर टाला जा रहा है. यह भी चर्चा में है कि सड़क निर्माण को लेकर संवेदक और कुछ स्थानीय लोगों के बीच पेटी कॉन्ट्रैक्ट (उपठेका) को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है. बताया जा रहा है कि कुछ लोग कम दर पर कार्य लेना चाहते हैं, जबकि संवेदक इसके लिए तैयार नहीं है. इसी आपसी खींचतान और तालमेल की कमी के कारण सड़क मरम्मत का कार्य अधर में लटका हुआ है.
The post शिलान्यास के छह माह बाद भी शुरू नहीं हुई दक्षिणीडीह मोड़-मीरगा सड़क की मरम्मत appeared first on Naya Vichar.

