प्रतिनिधि, तोरपा.
प्रखंड के बासकी गांव में नवनिर्मित नर्मदेश्वर शिव मंदिर के तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दूसरे दिन शुक्रवार को मंदिर में स्थापित शिवलिंग सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा की गयी. सुबह से ही मंदिर परिसर और गांव की गलियों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. नर्मदेश्वर शिवलिंग के साथ शिव परिवार माता पार्वती, श्री गणेश और भगवान कार्तिक की प्रतिमाओं का नगर भ्रमण कराया गया. श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए. शंखनाद और “हर हर महादेव” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा. नगर भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर देव प्रतिमाओं का स्वागत किया. इसके उपरांत मंदिर परिसर में जलाधिवास, पुष्पाधिवास, अन्नाधिवास, फलाधिवास तथा रुद्राभिषेक जैसे महत्वपूर्ण अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से कराये गये. अयोध्या से आये पुरोहित मदन गोस्वामी, आचार्य पंडित शिवगिरी जी, पंडित अमित मिश्रा, पंडित मंदिप उपाध्याय, पंडित कन्हैया गोस्वामी एवं पंडित कार्तिक गोस्वामी ने प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न कराये.
अखंड हरिकीर्तन शुरू :
मंदिर के समक्ष 24 घंटे का अखंड हरि कीर्तन शुक्रवार को प्रारंभ हुआ. कीर्तन का समापन शनिवार को किया जायेगा. कीर्तन में गांव के स्त्री-पुरुष, युवा और बच्चों के अलावा विभिन्न गांवों की कीर्तन मंडलियां भाग ले रही हैं. कीर्तन मंडलियों की मधुर भक्ति धुनों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया है. तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे बासकी गांव में उत्सव जैसा माहौल है. ग्रामीण अपने-अपने स्तर पर सेवा, सजावट और व्यवस्थाओं में लगे हुए हैं. आयोजन में भाग लेने के लिए आसपास के गांव के लोग भी पहुंच रहे हैं. आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि शनिवार को पूर्णाहुति के साथ प्राण प्रतिष्ठा समारोह का विधिवत समापन होगा.
वैदिक मंत्रोच्चार व अखंड हरि कीर्तन से भक्तिमय हुआ तोरपा
The post शिव मंदिर में मूर्तियों की हुई प्राण प्रतिष्ठा appeared first on Naya Vichar.
