नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : दरभंगा प्रमंडलीय आयुक्त कौशल किशोर ने गुरुवार को प्रखंड के नरघोघी स्थित श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गायने एवं सर्जरी विभाग को जल्द से जल्द चालू करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माणाधीन अस्पताल एवं कॉलेज का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता और साफ –सफाई पर जोर दिया और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि मरीजों को बाहर से दवाइयां ना खरीदनी पड़े। उन्होंने अस्पताल उपाधीक्षक को और सुधार करने का निर्देश दिया ताकि अस्पताल की व्यवस्था और बेहतर हो सके। इसके अतिरिक्त आयुक्त ने रोगी कल्याण समिति की बैठक भी की और अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, ब्लड बैंक, आईसीयू, रेडियोलॉजी सहित अन्य विभागों का निरीक्षण किया।आयुक्त ने विभागीय निरीक्षण के दौरान विभाग एवं कॉरिडोर सुसज्जित एवं साफ –सुथरा पाया। मौके पर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. आभा सिन्हा,उपाधीक्षक डॉ .अनुपम कुमारी, समस्तीपुर के सिविल सर्जन डॉ. एस.के .चौधरी, स्वास्थ्य प्रबंधक अंजनी नंदन, प्रधान लिपिक राकेश रोशन, सवर्ण आयोग के सदस्य जयकृष्ण झा, डीजीएम विकास झा, प्रोजेक्ट मैनेजर पंकज कुमार, साइट इंचार्ज गौरव कुमार आदि मौजूद रहे।

