सुरक्षा सुदृढ़ीकरण के तहत राधोपुर यार्ड तथा कपरपूरा यार्ड पर रोड ओवर ब्रिज (ROB) एवं सहरसा यार्ड एवं लहेरियासराय यार्ड में लाइट ROB का निर्माण किया गया
नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर: समस्तीपुर मंडल ने वर्ष 2025-26 में रेल संरक्षा, आधारभूत संरचना विकास, परिचालन दक्षता एवं यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियाँ हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
“समस्तीपुर मंडल की यह उपलब्धि सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। मंडल का मुख्य लक्ष्य सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध रेल परिचालन सुनिश्चित करना है, जिसके लिए मंडल निरंतर कार्यरत है।”
वर्ष 2025-26 में स्क्रैप निपटान के क्षेत्र में मंडल ने 9020 मीट्रिक टन की ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की, जो अब तक का सर्वोच्च स्तर है। इसी प्रकार, इंजीनियरिंग विभाग द्वारा पूर्ण ट्रैक नवीनीकरण (P+S) के अंतर्गत 85.22 किलोमीटर कार्य पूरा किया गया।
ट्रैक की गुणवत्ता एवं संरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु प्लेन ट्रैक की डीप स्क्रीनिंग में 227.76 किलोमीटर कार्य संपन्न किया गया, जबकि टर्नआउट्स के नवीनीकरण (TBTR) (Through Bridge Timber Renewal) में 1998 इकाइयों का कार्य कर उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।
इंजीनियरिंग विभाग के नेतृत्व में संरक्षा उन्नयन के विभिन्न लक्ष्यों को भी पार किया गया। थिक वेब स्विच की स्थापना में 15 के लक्ष्य के विरुद्ध 29 कार्य पूर्ण किए गए। प्लेन ट्रैक टैम्पिंग में 1910 किलोमीटर के लक्ष्य के मुकाबले 2116.73 किलोमीटर कार्य किया गया। थ्रू फिटिंग रिन्यूअल में 100 किलोमीटर के लक्ष्य के विरुद्ध 125.121 किलोमीटर तथा लेवल क्रॉसिंग बंद करने में 15 के लक्ष्य के विरुद्ध 17 कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए।
परिचालन को और अधिक सुगम एवं आधुनिक बनाने हेतु समस्तीपुर में विश्वस्तरीय, अत्याधुनिक, केंद्रीकृत वातानुकूलित ट्रैफिक कंट्रोल भवन का निर्माण किया गया, जो रेल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्मिक विभाग एवं इंजीनियरिंग विभाग के समन्वय से कर्मचारियों की सुविधाओं के लिए 10 शैय्या वाली स्त्री बैरक, मंडल का पहला स्टाफ रेस्ट हाउस तथा 50,000 गैलन क्षमता का RCC जल टैंक का निर्माण कराया गया। इसके अतिरिक्त रेलवे कॉलोनी में आवासीय क्वार्टर, ट्रांजिट हाउस एवं सड़कों का व्यापक सुधार कार्य भी किया गया।
सुरक्षा सुदृढ़ीकरण के तहत राधोपुर यार्ड तथा कपरपूरा यार्ड पर रोड ओवर ब्रिज (ROB) एवं सहरसा यार्ड एवं लहेरियासराय यार्ड में लाइट ROB का निर्माण किया गया। साथ ही, जुब्बासह्नी एवं परमजीवर ताराजिवर के मध्य लेवल क्रॉसिंग को बंद कर LHS (Limited Height Subway) का निर्माण किया गया, जिससे रेल एवं सड़क यातायात दोनों की सुरक्षा में वृद्धि हुई है।
स्वास्थ्य एवं यात्री सुविधाओं में सुधार हेतु मंडल अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर एवं स्त्री वार्ड का नवीनीकरण किया गया। इसके अतिरिक्त मरेप्र भवन, वीआईपी लाउंज, स्टाफ कैंटीन, सामुदायिक भवन, लालित उद्यान एवं अन्य परिसरों का सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन किया गया।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी मंडल ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए समस्तीपुर में जल पुनर्चक्रण संयंत्र (Water Recycling Plant) का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री ज्योति प्रकाश मिश्र ने विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
समस्तीपुर मंडल के इंजीनियरिंग विभाग की ये उपलब्धियाँ न केवल रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाती हैं, बल्कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम हैं।