इस अवधि में 2.35 लाख बिना टिकट यात्रा के मामले पकड़े गए
नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर- महाप्रबंधक,पूर्व मध्य रेल श्री छत्रसाल सिंह एवं प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, पूमरे के आदेश तथा मंडल रेल प्रबंधक एवं वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, समस्तीपुर के दिशा निर्देशन में समस्तीपुर मंडल द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रारंभ से अब तक (01 अप्रैल 2025 से 24 जून 2025) टिकट जांच के माध्यम से 2.35 लाख बिना टिकट यात्रा के मामले पकड़े गए जिनसे जुर्माने के रूप में ₹15.11 करोड़ की उल्लेखनीय राजस्व प्राप्ति की गई है, जो टिकटिंग व्यवस्था के प्रति मंडल की सजगता और सतत निगरानी का परिणाम है।
विशेष रूप से, जून माह में मंडल द्वारा मेगा टिकट जांच अभियानों के अंतर्गत बगैर टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई। इसके प्रमुख विवरण निम्नानुसार हैं:
👉 दिनांक 24 जून 2025 को सबसे बड़े अभियान में 6,869 मामलों में ₹55.3 लाख की वसूली की गई।
👉दिनांक 17 जून 2025 को 6,575 मामलों में ₹53.1 लाख का राजस्व वसूला गया।
👉 दिनांक 10 जून 2025 को चलाए गए विशेष अभियान में 6,383 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹52.5 लाख का राजस्व अर्जित किया गया।
इस प्रकार केवल जून माह में ही तीन बड़े अभियानों के माध्यम से कुल 19,827 मामलों में ₹1.70 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई।यह उपलब्धि मंडल के वाणिज्य विभाग एवं टिकट जांच कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों का प्रत्यक्ष प्रमाण है।